मतदान केन्द्र से 200 गज की परिधि में किसी चुनाव प्रत्याशी अथवा उनके समर्थकों को चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं है। मतदातागण मतदान केन्द्रों पर निर्धारित …और पढ़ें

HighLights
- प्रदेश के प्रत्याशियों ने झौंकी पूरी ताकत।
- प्रदेश में 98 पुरुष व 24 महिला प्रत्याशी।
- चुनाव मैदान में आजमा रहे हैं किस्मत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश के सवा लाख से अधिक वकीलों का पंजीयन करने वाली सर्वोच्च संस्था एमपी स्टेट बार काउंसिल चुनाव अंतर्गत मंगलवार, 12 मई को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। पिछले कई दिनों से प्रचार-प्रसार में जुटे प्रत्याशियों ने अंतिम दिन पूरी ताकत झौंक दी।
देर रात तक इंटरनेट मीडिया पर प्रचार-प्रसार जारी रहा। स्टेट बार 18 पुरूष सदस्य व पांच महिला सदस्यों को मिलाकर कुल 23 सदस्यों हेतु चुनाव होना है। जिसमें 98 पुरुष प्रत्याशी व 24 महिला प्रत्याशी चुनाव में भाग ले रहे हैं।
निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति एसके पालो व वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ सहित अन्य पूरी प्रक्रिया पर गंभीरता से नजर बनाए हुए हैं। विधिवत अधिसूचना के उपरांत नामांकन प्रकिया पूर्ण हुई।
कुल 122 प्रत्याशी मैदान में है, जो कि 23 सदस्यों का चयन करेंगे। वहीं दो महिला सदस्यों को मनोनीत किया जाना है। चुनाव को लेकर पूरी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। मतदान प्रात: 10 बजे से शाम पांच बजे तक होगा। हाई कोर्ट के साउथ ब्लाक व जिला अदालत में मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
जिला-तहसील मुख्यालय में अधिवक्ता परिचय पत्र प्रस्तुत कर अपना मताधिकार का नियमानुसार उपयोग कर सकते हैं। प्रत्येक मतदाता को अपना परिचय पत्र दिखाना अनिवार्य है और ऐसा न किए जाने पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष व सचिव से मतदाता की पहचाना कराना होगी।
मतदान केन्द्र से 200 गज की परिधि में किसी चुनाव प्रत्याशी अथवा उनके समर्थकों को चुनाव प्रचार की अनुमति नहीं है। मतदातागण मतदान केन्द्रों पर निर्धारित प्रवेशद्वार व निकासद्वार से ही प्रवेश व निकास कर सकेंगे।
पूरे प्रदेश में 250 से अधिक मतदान केंद्र
मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए पूरे प्रदेश में 250 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें प्रदेश भर के 87 हजार से अधिक अधिवक्ता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी को नियत आचार संहिता का परिपालन सुनिश्चित करने सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की शिकायत या अनियमितता पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
