नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर आसपास राष्ट्रीय राजमार्गों और बायपास पर महिलाओं के कानों से सोने के झुमके झपटने वाली शातिर “गिरोह” का क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
सोने के झुमके और चोरी की रेसिंग बाइक बरामद
आरोपितों के कब्जे से छह लूटे गए सोने के झुमके और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्पोर्ट्स रेसिंग बाइक बरामद की गई है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकारवार्ता में एएसपी जितेंद्र सिंह ने पूरे मामले का खुलासा किया।
जिलों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अधारताल, बरगी, तिलवारा, माढ़ोताल, पनागर और ओमती थानों में दर्ज कुल सात प्रकरणों में विधिवत गिरफ्तारी की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उन्होंने अन्य जिलों में भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
बाइक की पहचान छिपाने के लिए उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट लगा दी
आरोपित कुछ दिनों से लगातार लूट की वारदात कर रहे थे। उन्होंने सबसे पहले सिविक सेंटर स्थित समदड़िया माल की बेसमेंट पार्किंग से एक स्पोर्ट्स रेसिंग बाइक चोरी की थी। बाइक की पहचान छिपाने के लिए उस पर उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट लगा दी।
अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर महिलाओं को बनाते थे निशाना
चारों आरोपित अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे। चलती बाइक से पीछे बैठा आरोपित महिलाओं के कानों से झुमके झपटता और तेज रफ्तार से फरार हो जाता था।
27 मई को समदड़िया माल की पार्किंग से चुराई थी
कई मामलों में झपटमारी के दौरान महिलाओं के कान तक फट गए। जांच में सामने आया कि गिरोह द्वारा उपयोग की जा रही स्पोर्ट्स बाइक 27 मई को समदड़िया माल की पार्किंग से चोरी की गई थी। इस मामले में ओमती थाने में भी मामला दर्ज था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया
आरोपितों की तलाश के लिए अधारताल सीएसपी राजेश्वरी कौरव एवं उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों की पहचान कर मुखबिरों को सक्रिय किया।
बाइक के दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों से पूछताछ
आनंद नगर क्षेत्र में नीले रंग की स्पोर्ट्स बाइक पर घूम रहे हिमांशु और संतोष को घेराबंदी कर पकड़ा गया। बाइक के दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने बाइक चोरी और झपटमारी की सभी वारदातें स्वीकार कर लीं। उनकी निशानदेही पर दो नाबालिग साथियों को भी पकड़ा गया।
छह झपटमारी की वारदातें…
अधारताल (24 जून): महाराजपुर कमानिया गेट के पास आरती रजक के कान से करीब 35 हजार रुपये की सोने की झुमकी झपट ली गई, जिससे उनका कान फट गया।
बरगी (26 जून): खमरिया के पास एनएच-34 पर दुर्गा साहू के कान की झुमकी छीनने के बाद पीछा करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया।
तिलवारा (26 जून): एमपी-20 होटल के सामने चंद्रवती झारिया के कान से झुमका झपट लिया गया, जिससे उनके कान में चोट आई।
माढ़ोताल (24 जून): कंटगी बायपास मार्ग पर सविता चौधरी के कान से झुमका छीनने के दौरान उनका कान फट गया।
पनागर (20 जून): उमरिया चौबे के पास रेखा बेन से रास्ता पूछने के बहाने झुमका झपटकर आरोपी फरार हो गए।
पनागर (27 जून): प्रेम सिटी कॉलोनी गेट के सामने ममता बर्मन के कान से चलती बाइक पर झुमका झपट लिया गया, जिससे उन्हें चोट लगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दिल दहलाने वाली घटना, जमीनी विवाद में गर्भवती के पेट पर मारी लात, गर्भस्थ शिशु की मौत
