नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दिल्ली की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों को अगले माह परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उत्तर मध्य रेलवे के ललितपुर स्टेशन पर एक जुलाई से एक अगस्त तक यार्ड रिमाडलिंग कार्य प्रस्तावित है।
बीना-झांसी रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित रहेगा
इन कार्य के चलते बीना-झांसी रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों के मार्ग बदले जाएंगे, कुछ निर्धारित समय से विलंब से चलेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को निरस्त भी किया गया है। इसमें जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित 12192 श्रीधाम एक्सप्रेस पर भी असर पड़ेगा।
यात्रा समय और संचालन व्यवस्था में बदलाव रहेगा
यह ट्रेन 14 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक सात फेरों के लिए अपने निर्धारित मार्ग के बजाय बीना-गुना-ग्वालियर होकर संचालित की जाएगी। इससे यात्रा समय और संचालन व्यवस्था में बदलाव रहेगा।
16 जुलाई से 20 जुलाई तक पांच-पांच ट्रिप के लिए निरस्त
भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस (22163) एवं खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस (22164) को 16 जुलाई से 20 जुलाई तक पांच-पांच ट्रिप के लिए निरस्त किया गया है।
कुछ ट्रेनें विलंब से चल सकती हैं
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जबलपुर, कटनी, इटारसी, बीना, झांसी होते हुए आगरा और दिल्ली जाने वाली अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो सकता है तथा कुछ ट्रेनें विलंब से चल सकती हैं।
सिग्नलिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने का कार्य
रेलवे के अनुसार ललितपुर स्टेशन पर नई रेल लाइन जोड़ने, प्वाइंट बदलने तथा सिग्नलिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने का कार्य किया जाएगा।
एक अगस्त तक पोस्ट-नान इंटरलाकिंग कार्य प्रस्तावित
एक से 19 जुलाई तक प्री-नान इंटरलाकिंग, 20 जुलाई को नान इंटरलाकिंग तथा 21 जुलाई से एक अगस्त तक पोस्ट-नान इंटरलाकिंग कार्य प्रस्तावित है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से कहा है…
यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का मार्ग, समय और वर्तमान स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस, रेलवे हेल्पलाइन 139 और संबंधित स्टेशन से अवश्य पता कर लें, ताकि उन्हें अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
सुधासागर महाराज की चरण वंदना के लिए स्पेशल ट्रेन से रवाना होंगे हजारों श्रद्धालु
चातुर्मास के लिए जगत पूज्य महाश्रमण मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के पावन श्रीचरणों में श्रीफल समर्पित करने एवं चरण वंदना के लिए सोमवार रात 8 बजे मदन महल स्टेशन से विशेष ट्रेन रवाना होगी। इसमें शहर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु शामिल होंगे।
यह विशेष यात्रा 30 जून को गुना पहुंचेगी
30 जून को गुना में श्रद्धालु आचार्य श्री के श्रीचरणों में वंदना कर चातुर्मास के लिए श्रीफल भेंट करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन ऐतिहासिक स्वरूप का होगा और इसमें हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी।
धार्मिक यात्रा में सहभागी बनने की अपील
इस धार्मिक यात्रा का आयोजन सकल जैन समाज, जबलपुर एवं श्री दिव्योदय तीर्थक्षेत्र, गोसलपुर के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन के पुण्यार्जक ममता-अशोक सेठी (कोलकाता परिवार) हैं। समाज के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से समय पर मदन महल स्टेशन पहुंचकर इस ऐतिहासिक धार्मिक यात्रा में सहभागी बनने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- लूट के लिए रेसिंग बाइक चुराई, नंबर प्लेट बदलकर महिलाओं के झुमके झपटे, ऐसे पहुंची चोराें तक जबलपुर पुलिस
