नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। जिले में मानसून की रफ्तार जोड़ पकड़ रही है। इससे जिला गत वर्ष के मुकाबले में करीब आता जा रहा है, वहीं आलोट और ताल तहसील गत वर्ष से आगे निकल चुकी है। नदी-नालों में तेज बहाव शुरू हो गया है। लंबे समय से खाली पड़े कई तालाबों में भी पानी आ गया है।
बुधवार को रिमझिम-तेज फुहारें आती-जाती रही। इससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है। जिले में अब तक औसत 225.38 मिमी वर्षा हो चुकी है। यह गत वर्ष की तुलना में करीब 110 मिमी कम है। जिले में अब तक 90 फीसद से अधिक बोवनी हो चुकी है। शेष किसान भी युद्ध स्तर पर बोवनी में जुटे हैं।
जिले में मानसून की सक्रियता बढ़ती जा रही है। हालांकि वातावरण में अभी भी गर्मी और उमस बरकरार है। जिले में एक सप्ताह से रुक-रुककर कहीं रिमझिम तो कहीं तेज वर्षा हो रही है। बुधवार सुबह से रिमझिम फुहारें आती-जाती रही। शाम को कुछ समय के लिए तेज वर्षा से सड़कें तरबतर हो गईं।
दिन में मौसम साफ रहने के दौरान खेतों में काफी चहल-पहल देखने को मिली। किसानों ने परिवार के साथ खरीफ सीजन की सोयाबीन, मक्का, कपास आदि की बोवनी की। सहायक संचालक कृषि भीका वास्के ने बताया कि जिले में अब तक 90 फीसद से अधिक बोवनी हो चुकी है। शीघ्र ही शत-प्रतिशत बोवनी का लक्ष्य पूरा हो जाएगा।
बुधवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए बीते चौबीस घंटों के दौरान जिले में औसत 55.63 मिमी वर्षा हुई। आलोट तहसील में 84 मिमी, जावरा में 47 मिमी, ताल में 70 मिमी, पिपलौदा में 34 मिमी, बाजना में 69 मिमी, रतलाम में 56 मिमी, रावटी में 66 मिमी, सैलाना तहसील में 19 मिमी वर्षा हुई। हालांकि जिला गत वर्ष की तुलना में काफी पीछे हैं। गत वर्ष अब तक जिले में औसत 336.88 मिमी वर्षा हुई थी।
मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सुबह की आर्द्रता 95 प्रतिशत व शाम की 84 प्रतिशत रही, जो मंगलवार को क्रमश: 95 व 94 प्रतिशत थी।

उमर की पुलिया से बहने लगा पानी, रास्ता अवरुद्ध
रावटी : जिला मुख्यालय आने-जाने वाले मार्ग पर ग्राम उमर की पुलिया से पानी बहना शुरू हो गया है। इस मार्ग आठ से 10 गांव के रहवासी आवाजाही करते हैं। वर्षाकाल में पुलिया से पानी उतरने के लिए ग्रामीणों को लंबा इंतजार करना पड़ता है और स्कूल विद्यार्थियों के लिए भी यही रास्ता है। आने-जाने के लिए विद्यार्थी भी जान को जोखिम डालकर पुलिया को पार करते हैं।
निकासी बाधित होने से गोशाला में जलजमाव, समिति ने फिर उठाई समस्या
आलोट : नगर के गांधी चौक स्थित श्री गोवर्धन गौशाला में नाले की सफाई नहीं होने से वर्षा का पानी भर गया है। लगभग 800 गोवंश वाली गोशाला में करीब एक फीट तक जलभराव होने से पशुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोशाला सेवा समिति ने नगर परिषद, एसडीएम और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाया है। समिति ने अस्पताल के पास जाम पड़े नाले की तत्काल सफाई कर जल निकासी सुचारु करने की मांग की है।
