जबलपुर के सिहोरा क्षेत्र में बाइक और ई-रिक्शा की भीषण भिड़ंत में महिला की मौत हो गई। हादसे में पति, बच्चे समेत नौ लोग घायल हुए, दो गंभीर हैं।

HighLights
- बाइक और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत में हादसा।
- हादसे में 20 वर्षीय प्रीति कोल की मौत।
- पति शुभम और बच्चा अनुराग गंभीर घायल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम दर्शनी में रविवार को बाइक और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और एक बच्चे समेत नौ लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक दंपती रक्षाबंधन का पर्व मनाने के बाद बाइक से मायके से अपने घर लौट रहा था।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीन लोग सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि ई-रिक्शा पलटने से उसमें सवार कई लोग दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को बाहर निकालकर सिहोरा अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने बाइक सवार महिला को मृत घोषित कर दिया। उसके पति और बच्चे की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल अस्पताल जबलपुर रेफर किया है।
दर्शनी के पास हुई जोरदार टक्कर
- सिहोरा पुलिस के अनुसार ग्राम पौड़ा निवासी शुभम कोल (30) रक्षाबंधन के अवसर पर पत्नी प्रीति कोल (20) के साथ उसके मायके ग्राम सिलौड़ी गया था। पर्व के बाद रविवार को शुभम पत्नी प्रीति के साथ बाइक से वापस पौड़ा लौट रहा था। उनके साथ शुभम का ममेरा भाई अनुराग (11) भी बाइक पर सवार था।
- पुलिस के अनुसार बाइक सवार दर्शनी के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शुभम, प्रीति और अनुराग बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग, घायलों को वाहन से निकाला
- हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को ई-रिक्शा के नीचे से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिहोरा अस्पताल भेजा गया।
- अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रीति कोल को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके पति शुभम और अनुराग की हालत गंभीर होने पर दोनों को मेडिकल अस्पताल जबलपुर रेफर कर दिया गया।
- दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। ई-रिक्शा में सवार अन्य घायलों को सिहोरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से जाने दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वाहन चालकों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली जा रही है।
