मामले में महिला शिक्षिका राखी बंसल उर्फ राखी वंशकार को भी हिरासत में लिया गया था। पुलिस कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

HighLights
- नियुक्ति सूची जारी होते ही शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
- अधिकारियों ने कहा- जेल में होने की जानकारी देर से मिली
- नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से लाखों रुपये की ठगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की कथित ठगी के मामले में जेल में बंद शिक्षिका को शिक्षा विभाग ने एरिया एजुकेशन ऑफिसर (एईओ) संकुल में जनशिक्षक के रूप में समायोजित कर दिया। शिक्षिका का नाम सूची में सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया। अब अधिकारी सफाई दे रहे हैं कि शिक्षिका के जेल में होने की जानकारी विभाग को देरी से मिली।
जानकारी स्थानीय स्तर पर चर्चा में थी
मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि शिक्षिका के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज होने और जेल भेजे जाने की जानकारी स्थानीय स्तर पर चर्चा में थी। इसके बावजूद समायोजन सूची तैयार करते समय विभागीय स्तर पर इसका सत्यापन नहीं हो सका।
63 जनशिक्षा केंद्रों का 50 एईओ संकुलों में समायोजन
कार्यालय जिला शिक्षा केंद्र, जबलपुर की ओर से विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों को जारी पत्र में बताया गया है कि राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल की वीडियो कान्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के अनुसार पूर्व में संचालित 63 जनशिक्षा केंद्रों का समायोजन 50 एरिया एजुकेशन आफिस (एईओ) संकुल केंद्रों में किया गया है।
नवनियुक्त जनशिक्षकों की नियुक्ति एईओ संकुल में की गई है। वहीं पूर्व से कार्यरत जनशिक्षकों के समायोजन की सूची कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक के अनुमोदन के बाद जारी की गई है। इसी सूची में ठगी के मामले में जेल में बंद शिक्षिका का नाम भी शामिल होने से विभागीय प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
29 लाख रुपये की ठगी का आरोप
पुलिस ने पिछले दिनों नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगारों से करीब 29 लाख रुपये की कथित ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। मामले में मुख्य आरोपित सहायक शिक्षक गिरजेश सिंह राजपूत को विदिशा से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपित द्वारा कई युवाओं से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 29 लाख रुपये वसूलने की बात सामने आई थी।
छात्र अभिनव सेन ने शिकायत दर्ज कराई थी
पुलिस के अनुसार घमापुर के सिद्धबाबा क्षेत्र निवासी छात्र अभिनव सेन ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि ग्राम खड़ाखेड़ी, थाना पथरी, जिला विदिशा निवासी गिरजेश सिंह ने शासकीय सेवा में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 3 लाख 75 हजार रुपये लिए।
पहले भी लोगों को सरकारी नौकरी दिला चुका है
अभिनव के अनुसार उसकी पहचान शीतला माई क्षेत्र निवासी शिक्षिका राखी बंसल उर्फ राखी वंशकार से थी। आरोप है कि राखी ने ही उसे बताया था कि सुमेरदांगी शासकीय स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक गिरजेश सिंह पहले भी लोगों को सरकारी नौकरी दिला चुका है और कलेक्ट्रेट में नौकरी लगवा सकता है।
यह भी पढ़ें- प्रमोशन में आरक्षण : 2025 के नए नियमों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का असर
