मुरैना में स्कूल से किडनैप हुआ 3 साल का कार्तिक 3 दिन बाद राजस्थान के पाली में एक होटल से सुरक्षित मिल गया।

HighLights
- पत्नी से विवाद के चलते नीलेश ने 3 साथियों के साथ मिलकर बेटे को किडनैप किया
- मुरैना पुलिस टीम पाली के होटल पहुंची तो नीलेश बेटे को गले लगाकर रोने लगा
- किडनैपर मुंबई से फ्लाइट लेकर ग्वालियर आए थे, फिर मुरैना पहुंचे थे
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। स्कूल से किडनैप तीन साल का कार्तिक तीसरे दिन गुरुवार को मिल गया। कार्तिक के पिता नीलेश ने ही उसका अपहरण किया था। गुरुवार की शाम को मुरैना पुलिस ने राजस्थान के पाली के एक होटल से नीलेश को पकड़ा और यहीं से कार्तिक को सुरक्षित अपने साथ लिया। शुक्रवार की सुबह तक कार्तिक व आरोपी पिता को मुरैना लाया जाएगा।
गायत्री कॉलोनी में पटवारी गली स्थित एक निजी स्कूल से मंगलवार की दोपहर कार्तिक का अपहरण उसके पिता राजस्थान निवासी गुटखा कारोबारी नीलेश उर्फ नील खारवाड़ ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर किया था। नीलेश का मुरैना में ससुराल में रहने वाली पत्नी से विवाद चल रहा था। पुलिस जैसे ही होटल में पहुंची नीलेश बेटे कार्तिक को गले से लगाकर फूट-फूटकर रोने लगा।
मुंबई से फ्लाइट से ग्वालियर आए फिर मुरैना पहुंचे किडनैपर
समझाइश के बाद नीलेश ने कार्तिक को पुलिस टीम को सौंपा। बता दें कि बेटे का अपहरण करने के लिए नीलेश अपने तीन साथियों के साथ मुरैना के साईं पैलेस लाज में 19 दिन रुका और रेकी करने के बाद अपहरण किया।
पता चला है कि किडनैपर मुंबई से फ्लाइट से ग्वालियर पहुंचे, फिर मुरैना आए। सीसीटीवी में कारोबारी नीलेश का ड्राइवर कार्तिकेय को कंधे पर उठाकर ले जाता नजर आया था। आगे नीलेश स्कूटी लेकर खड़ा था।
