मुरैना क्राइम समाचार: स्वजनों ने तुरंत ही पुलिस को फोन किया, लेकिन पुलिस सुबह 11 बजे मौका मुआयना करना पहुंची। चोरों ने घरों की अलमारियां और सूटकेस पूर…और पढ़ें

HighLights
- दो घरों में लाखों की चोरी
- पोस्ट ऑफिस में तोड़े ताले
- कटर से काटी कमरों की कुंडी
नईदुनिया न्यूज, मुरैना। बागचीनी में बुधवार-गुरुवार की रात को चोरों ने एक हवेली में बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। हवेली में रहने वाले एक ही परिवार के दो सदस्यों के घर से लाखों रुपये नकद, जेवर चुराकर ले गए। चोरों ने गांव के पोस्ट ऑफिस के ताले तोड़कर उसको भी खंगाल डाला, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला। चोरी का पता सुबह छह बजे घरवालों के जागने पर पता चला। चोर हवेली की छत से साड़ी बांधकर आंगन में पहुंचे। इसके बाद कमरों की कुंडियों को कटर से काट डाला। पुलिस ने मौका मुआयना कर अब पड़ताल शुरू कर दी है।
सामान छत से लेकर घर के पीछे तक पड़ा था बिखरा
जानकारी के मुताबिक दीपक अग्रवाल व प्रकाश अग्रवाल दोनों ही अपने पुश्तैनी हवेली में रहते है। दीपक जहां स्टेशनरी की दुकान करते हैं, वहीं प्रकाश का कपड़े और बर्तनों का व्यापार है। परिवार के सदस्य अपने अपने हिस्से में रात 11 बजे खाना खाकर सो गए। सुबह छह बजे घर के सदस्य जागे तो कमरों के ताले टूटे हुए थे। सामान छत से लेकर घर के पीछे तक बिखरा पड़ा था। घर के आंगन में एक साड़ी जिसमें गांठे लगाई गई थी, वह लटक रही थी।
पुलिस आई 11 बजे
स्वजन ने तुरंत ही पुलिस को फोन किया, लेकिन पुलिस सुबह 11 बजे मौका मुआयना करना पहुंची। चोरों ने घरों की अलमारियां और सूटकेस पूरी तरह से खंगाल डाले। सूटकेश छत पर पड़ा मिला है और कुछ अन्य सामान घर के पीछे भी मिला है। चोरी की इतनी बड़ी वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। चोर दोनों के घरों से लगभग 25 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया है।
यह सामान चुरा ले गए हैं चोर
दीपक अग्रवाल के घर से चोर 11 लाख रुपये नकद, छह सोने की पुश्तैनी मोहर, 12 अंगूठी, तीन हार, एक जोड़ी झुमकी, तीन जोड़ी टाप्स, चार सोने की चूड़ियां, एक नाक की बेसर, नाकी बाली और 500 ग्राम चांदी के आभूषण चुरा ले गए। इसी तरह प्रकाश अग्रवाल के घर से 25 हजार नकद, सात तौला की सोने की सीतारानी, 500 ग्राम चांदी आभूषण चुरा ले गए है। खासबात यह है कि दीपक अग्रवाल ने नकदी और पैसे एक पानी के कैंपर में रखकर अलमारी में रखे थे। उसे चोर उठा ले गए, यह कैंपर घर के पीछे पड़ा मिला।
पोस्ट ऑफिस में मिले सिर्फ कागज
चोरों ने बागचीनी के पोस्ट ऑफिस के भी ताला तोड़ दिया। इसके बाद इसमें घुसकर हर चीज को खंगाल डाला। लेकिन इस चोरों को इसमें कागजों के अलावा कुछ नहीं मिला। सुबह ग्रामीण नीलेश शर्मा गुजर रहे थे, तब उन्होंने पोस्ट आफिस के ताले टूटे देखे। जिसके बाद डाकपाल रामस्वरूप शाक्य को फोन कर जानकारी दी। जिस पर थाने जाकर आवेदन दिया है।
