नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत ट्रेन के एक कोच के शौचालय में एक यात्री घायल हो गया। शौचालय के अंदर लगा शेल्फ अचानक यात्री के सिर पर गिर गया। इससे यात्री के सिर पर गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गया। इस ट्रेन चिकित्सक तो नहीं रहते हैं। लेकिन, इत्तेफाक है कि दो चिकित्सक ट्रेन में सफर कर रहे थे। आरपीएफ के जवान के साथ मिलकर उन्होंने मरहम-पट्टी की।
घटना गुरुवार को सुबह 11 बजे की है। सी-1 कोच में एक यात्री बिलासपुर से नागपुर तक सफर कर रहे थे। इस बीच वह शौचालय गए। उसी समय अचानक शेल्फ उनके सिर पर गिर गया। इससे यात्री का सिर फूट गया और खून भी बहने लगा। वही इस स्थिति में जैसे-तैसे शौचालय से बाहर निकले। कुछ यात्रियों ने तत्काल इसकी जानकारी टीटीई को दी। आरपीएफ जवान भी ड्यूटी में तैनात था, वह भी आ गया।
ड्यूटी पर तैनात टीटीई द्वारा तुरंत प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई व अनाउंसमेंट कर ट्रेन में उपलब्ध दो चिकित्सकों से भी ट्रेन में अटेंड कराया गया। चिकित्सकों की उपलब्धता के कारण यात्री को तत्काल राहत मिल गई। नागपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद उनसे चिकित्सा की सहायता के बारे में पूछा गया पर यात्री द्वारा सूचित किया गया कि यात्री को ट्रेन के भीतर ही चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है तथा नागपुर में अतिरिक्त चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता नहीं है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में पिता की लापरवाही ने ली दो मासूमों की जान! मोबाइल पर बात में व्यस्त रहा पिता, तालाब में डूबे दो भाई
इधर घटना के बाद रेलवे में इस बात को लेकर चिंता है कि आखिर शेल्फ कैसे गिरा। इस मामले की जांच भी कराने का भरोसा रेलवे ने दिलाया है। बाक्स- एक्स पर रेलमंत्री से शिकायत यह मामला इसलिए और गंभीर हो गया क्योंकि किसी ने इस घटना की पूरी जानकारी और चिकित्सकों की कमी होने की शिकायत एक्स के माध्यम से सीधे केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से की है। इसके बाद रेल मंडल में भी हड़कंप मचा हुआ है।
उद्घोषणा कर टीटीई ने पूछा
ट्रेन में चिकित्सक है क्या वंदे भारत ट्रेन में सफर के दौरान घायल यात्री की स्थिति को देखते हुए ट्रेन में तैनात टीटीई ने तत्काल एनाउंसमेंट कर यात्रियों से पूछा कि क्या ट्रेन में कोई चिकित्सक मौजूद है। सूचना मिलते ही यात्रियों में भी हलचल मच गई और चिकित्सकीय मदद के लिए प्रयास शुरू किए गए। इसी बीच दो चिकित्सक मदद के लिए आगे आए।