नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तिलवारा, भेड़ाघाट, कटंगी और माढ़ोताल थाना पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ संयुक्त कार्रवाई कर 11 किलो 237 ग्राम गांजा और 30 किलो 631 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया है।
इसके अलावा पुलिस ने 50 हजार रुपये नकद, एक ट्रक, एक कार, एक स्कूटी और 10 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। यह जानकारी मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह ने प्रेसवार्ता में दी।
पुडिया बनाकर बेचते थे गांजा
बताया गया कि तिलवारा पुलिस ने तिलवारा ब्रिज के आगे यात्री प्रतीक्षालय में दबिश दी। पुलिस को देखकर एक आरोपित फरार हो गया, जबकि संजीवनी नगर पुरवा निवासी ललित कहार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 6 किलो 178 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि फरार आरोपी सुमित पटेल झारखंड से गांजा लाता था और दोनों मिलकर उसकी पुड़िया बनाकर बिक्री करते थे।
युवती को साथ रखकर कर रहे थे तस्करी
तिलवारा पुलिस की दूसरी टीम ने आइसीएमआर के पास मोपेड सवार कटनी निवासी सचिन सोनी और मानषी निषाद को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 5 किलो 59 ग्राम गांजा बरामद हुआ। तस्करों ने बताया कि उन्होंने यह गांजा कटनी जिले के हरदुआ क्षेत्र के एक पारधी से खरीदा था। पुलिस ने गांजा और मोपेड जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा था डोडा चूरा
कटंगी पुलिस ने पडरिया तिराहा के पास एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड से टक्कर मारकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक चालक पंकज साहू, हेल्पर उदयचंद काछी तथा अन्य लोगों से पूछताछ के दौरान दो बोरियों में भरे 52 पैकेट मिले, जिनमें 18 किलो 130 ग्राम डोडा चूरा था।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि डबरा निवासी अजय रावत ने यह खेप उन्हें दी थी, जिसे करमेता निवासी सोनू शर्मा और सोनी ठाकुर तक पहुंचाना था। पुलिस ने ट्रक चालक, हेल्पर समेत पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
महिला के घर से मिला डोडा चूरा
कटंगी पुलिस से मिली सूचना के बाद भेड़ाघाट पुलिस ने चौकीताल क्षेत्र में छापेमारी की। वहां सोनू शर्मा नहीं मिला, लेकिन कालीमठ निवासी सोनी ठाकुर मिली, जो कुछ समय से वहां रह रही थी। उसके कब्जे से पांच किलो 870 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। महिला ने बताया कि यह माल उसे पंकज और उदयचंद ने दस दिन पहले दिया था।
इधर माढ़ोताल पुलिस ने सूचना के आधार पर सोनू उर्फ रंजीत कुमार शर्मा को शारदा नगर क्षेत्र से कार सहित गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 6 किलो 628 ग्राम डोडा चूरा, 50 हजार रुपये नकद और आठ मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि डोडा चूरा डबरा निवासी अजय रावत भेजता था और ट्रक चालक पंकज साहू तथा हेल्पर उदयचंद इसकी सप्लाई करते थे।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मादक पदार्थों के स्रोत तथा अन्य संभावित आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। प्रेसवार्ता में उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक माढोताल बीएस गोठरिया, एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर मौजूद रहे।
