नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। शहर के सतीश टॉकीज के सामने स्थित जनपद परिसर में संचालित न्यू आनंद मेले में झूला बंद हो जाने से दो बच्चे कुछ समय के लिए ऊंचाई पर ही फंस गए।
परिजनों और उपस्थित लोगों में चिंता का माहौल
तेज बारिश के दौरान अचानक झूला रोके जाने से बच्चों के परिजनों और उपस्थित लोगों में चिंता का माहौल निर्मित हो गया। रिपटापार निवासी 13 वर्षीय अर्पित राय अपने 15 वर्षीय साथी राम के साथ बड़े झूले पर बैठा था।
अचानक तेज बारिश प्रारंभ हो गई
जब झूले के ऊपरी हिस्से पर थे, उसी दौरान अचानक तेज बारिश प्रारंभ हो गई। बारिश को देखते हुए झूला कर्मचारियों ने झूले का संचालन बंद कर दिया, जिसके कारण दोनों बच्चे ऊंचाई पर ही रुके रहे।
काफी देर तक नीचे न उतारने पर मामा को किया फोन
काफी देर तक नीचे न उतारे जाने पर अर्पित ने अपने मामा राजा राय को फोन कर घटना की जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को झूला संचालक ने सुरक्षित नीचे उतारा।
सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चिंता जताई
मेले में आपातकालीन स्थितियों से निपटने और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि मेले में झूलों के सुरक्षित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।
ऊंचाई पर फंसे रहे और कोई सुनने वाला नहीं था
पीड़ित बच्चों के मामा ने कहा कि मेले में मुख्य रूप से छोटे-छोटे बच्चे ही आते हैं, इसलिए मेला समिति को सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
गैर-जिम्मेदार कर्मचारी पर कड़ी कार्रवाई
मेला समिति के जिम्मेदारों का कहना है कि बच्चे इतनी देर तक ऊंचाई पर फंसे रहे, यह बहुत बड़ी लापरवाही है।संबंधित गैर-जिम्मेदार कर्मचारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में फर्जी टीटीई वसूली करते गिरफ्तार, इटारसी जीआरपी को सौंपा, आपत्तिजनक सामग्री बरामद
