इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस इस मामले में हत्या की धारा बढ़ाएगी।

HighLights
- सामान खरीदने के दौरान विवाद
- दी थी 2 दिन में मारने की धमकी
- पुलिस ने समय पर दर्ज नहीं की FIR
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के गिरवाई इलाके में दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 15 मिनट तक उसे हमलावर बेरहमी से पीटते रहे। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई। वह अस्पताल में जिंदगी-मौत से संघर्ष करता रहा। गुरुवार को उसकी सांसें थम गईं। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस इस मामले में हत्या की धारा बढ़ाएगी।
बेला की बावड़ी रोड पर बॉबी चलाता है किराना की दुकान
गिरवाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेला की बावड़ी रोड पर रहने वाला रामनिवास उर्फ बॉबी गुर्जर उम्र 38 वर्ष किराना की दुकान चलाता था। उसकी दुकान पर सामान खरीदने के लिए मेहताम गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर आए। यह भी गिरवाई के ही रहने वाले हैं। दुकान पर आकर यह दोनों विवाद करने लगे। इन लोगों ने दुकानदार से अभद्रता की, इसके बाद आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप किया और बीच बचाव कराया।
मेहताम और साहब सिंह अगले दिन अन्य साथियों के साथ हमला करने पहुंचे
अगले दिन 17 अगस्त को यह लोग दोबारा आए, इनके साथ पांच और लोग थे। इन लोगों ने आते ही रामनिवास गुर्जर पर हमला कर दिया। लोहे का सरिया, डंडे से बेरहमी से पीटा। 15 मिनट तक यह लोग उसे पीटते रहे। आरोपियों के भागने के बाद स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे। हजार बिस्तर अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया।
धमकाकर गए थे आरोपी- दो दिन में मार देंगे
मृतक के स्वजन ने बताया कि आरोपी मेहताब गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर धमकाकर गए थे। इन लोगों ने कहा था कि दो दिन में उसे मार देंगे। ऐसा ही इन लोगों ने किया। उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
स्वजन बोले- पुलिस ने नहीं लिखी एफआईआर
मृतक के स्वजन का कहना है कि सीधे-सीधे हत्या का केस है। पुलिस का कहना है- अभी मर्ग कायम होगा। इस मामले में गिरवाई थाना प्रभारी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का केस दर्ज कर लिया जाएगा। मर्ग में हत्या की धारा इजाफा की जाएगी।
