प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस अमले में भी बड़े फेरबदल की तैयारी है। चार से पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) तथा भोपाल व इंदौर के कुछ पुलिस उपायुक्तों (…और पढ़ें

HighLights
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में होगी बैठक
- सलाहकार नियुक्ति-भोपाल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर लगेगी मुहर
- दो वरिष्ठ ADG राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता बनेंगे स्पेशल डीजी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भोपाल पश्चिमी बाइपास की पुनरीक्षित लागत के प्रस्ताव पर मुहर लगने की पूरी संभावना है। यह महत्वाकांक्षी बाइपास निर्माण पूरा होने के बाद भोपाल शहर के भीतर यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने में बेहद मददगार साबित होगा।
इसके साथ ही बैठक के दौरान सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी ए साईं मनोहर को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। कैबिनेट में मालथोन-बीना मार्ग के विकास सहित अन्य महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
10 आईपीएस अधिकारियों के तबादले की संभावना
प्रदेश के प्रशासनिक और पुलिस अमले में भी बड़े फेरबदल की तैयारी है। चार से पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) तथा भोपाल व इंदौर के कुछ पुलिस उपायुक्तों (DCP) सहित लगभग 10 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए जा सकते हैं।
इसके अलावा ग्वालियर और सागर संभाग को नए रेंज आईजी (महानिरीक्षक) मिलेंगे। दरअसल, ग्वालियर के आईजी अरविंद सक्सेना 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो चुके हैं और वर्तमान में डीआईजी असित यादव आईजी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। वहीं, सागर रेंज के आईजी मिथिलेश शुक्ला 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए हैं। इन दोनों ही महत्वपूर्ण रेंज में नई पदस्थापना की जाएगी।
