चंबल नदी के उसैद घाट पर गुरुवार की दोपहर तब हड़कंप मच गया, जब कांग्रेस के एक नेता ने चंबल नदी में छलांग लगा दी।

HighLights
- उसैद-पिनाहट घाट पर स्टीमर बंद होने से नाराज हैं कांग्रेस नेता
- महुआ ब्लॉक अध्यक्ष शेरसिंह तोमर दो दिन से आवेदन दे रहे हैं
- गोताखोर व पुलिसकर्मियाें की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया
नईदुनिया न्यूज, मुरैना। चंबल नदी के उसैद घाट पर गुरुवार की दोपहर तब हड़कंप मच गया, जब कांग्रेस के एक नेता ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। किसी पारिवारिक या राजनीतिक समस्या के कारण नहीं, बल्कि उसैद-पिनाहट घाट पर स्टीमर बंद होने से नाराज कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष चंबल में कूद गए।
मौके पर मौजूद पुलिस टीम की तत्परता ने कांग्रेस नेता को डूबने से बचा लिया। गौरतलब है कि 16 अगस्त को नगरा घाट से उत्तर प्रदेश के कैंजरा घाट की ओर जा रहा सवारियों से भरा स्टीमर चंबल नदी की तेज धार में बह गया था।
करीब तीन घंटे तक स्टीमर पानी में बहता गया। इस दौरान स्टीमर पर सवार 64 लोगों की जान संकट में रही। इस घटना के बाद नगरा घाट के स्टीमर को पुलिस ने जब्त कर लिया, वहीं उसैद-पिनाहट घाट के स्टीमर को भी 16 अगस्त से ही बंद करवा दिया गया था।
स्टीमर से यहां का सफर चार किमी का, सड़क से 140 किमी
उसैद-पिनाहट घाट के बीच स्टीमर बंद होने से अंबाह, पोरसा से उत्तर प्रदेश के पिनाहट क्षेत्र में सफर करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्टीमर से यह सफर चार किलोमीटर का रह जाता है, जबकि सड़क मार्ग से यह सफर 140 से 160 किलोमीटर तक का हो जाता है।
महुआ ब्लॉक अध्यक्ष शेरसिंह तोमर दो दिन से आवेदन दे रहे हैं
इसीलिए बार-बार स्टीमर को चालू करने की मांग उठ रही है। इसी स्टीमर को चालू करने की मांग लेकर कांग्रेस के महुआ ब्लॉक अध्यक्ष शेरसिंह तोमर दो दिन से आवेदन दे रहे हैं। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष का कहना है कि इस समय राखी का पर्व है, लोगों का आवागमन बढ़ रहा है, स्टीमर का संचालन बेहद जरूरी है।
गुरुवार को कांग्रेस नेता का सब्र टूट गया, नदी में छलांग लगा दी
गुरुवार की दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब कांग्रेस नेता का सब्र तब टूट गया, जब उन्हें लगा कि अब स्टीमर का संचालन शुरू नहीं होगा। इससे गुस्साए कांग्रेस नेता ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। यह देख घाट पर माैजूद भीड़ में अफरा-तफरी और हंगामा मच गया।
गोताखोर व पुलिसकर्मियाें की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया
घाट पर लाेगों की भीड़ के कारण पुलिस बल भी तैनात है। मौके पर मौजूद महुआ थाना प्रभारी उपेंद्र पाराशर ने कांग्रेस नेता को नदी में कूदते देखा और तत्परता दिखाते हुए गोताखोर व पुलिसकर्मियाें की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकलवाया।
