सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील में बुधवार को हुए विवाद ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। …और पढ़ें

HighLights
- चचेरी बहन की नो ड्यूज फाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद
- नायब तहसीलदार पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप
- सीतापुर थाने में नायब तहसीलदार के खिलाफ शिकायत दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील में बुधवार को हुए विवाद ने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मणिक के साथ मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगा है।
बीच-बचाव करने पहुंचे सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद राजस्व अधिकारियों में नाराजगी है।
चचेरी बहन की नो ड्यूज फाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन की एक नो ड्यूज फाइल को लेकर हुई। बताया गया कि उन्होंने 14 मई को तहसील कार्यालय में फाइल जमा की थी। आरोप है कि फाइल पूरी होने के बावजूद नायब तहसीलदार तुषार मणिक द्वारा हस्ताक्षर करने में लगातार विलंब किया जा रहा था। बुधवार को उन्हें फोन कर कार्यालय बुलाया गया था, जिससे उन्हें उम्मीद थी कि उनका काम पूरा हो जाएगा।
नायब तहसीलदार पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप
विधायक की चचेरी बहन का आरोप है कि जब उन्होंने फाइल पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया तो नायब तहसीलदार भड़क गए। उन्होंने कथित रूप से कहा कि तुम हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली कौन होती हो, जाकर मैनपाट से हस्ताक्षर करा लो।
इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि काम मैनपाट से होना था तो पहले ही जानकारी दे दी जाती, जिससे इतने दिनों तक उन्हें परेशान नहीं होना पड़ता। आरोप है कि इसी दौरान नायब तहसीलदार ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और कर्मचारियों से उन्हें तहसील कार्यालय से बाहर निकालने के लिए कहा।
गुस्साए समर्थकों ने नायब तहसीलदार को सड़क पर ले जाकर पीटा
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक समर्थक मौके पर पहुंच गए। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि गुस्साए समर्थकों ने नायब तहसीलदार को कार्यालय से बाहर सड़क तक ले जाकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए। विधायक रामकुमार द्वारा भी मौके पर पहुंच कर नायब तहसीलदार से मारपीट करने का आरोप लगा है।
एसडीएम और नायब तहसीलदार सीधे अंबिकापुर रवाना
घटना की सूचना मिलने पर सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी अभद्रता की गई। स्थिति बिगड़ने के बाद एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार तुषार मणिक वहां से सीधे अंबिकापुर रवाना हो गए।
सीतापुर थाने में नायब तहसीलदार के खिलाफ शिकायत दर्ज
वहीं, विधायक रामकुमार टोप्पो, उनकी चचेरी बहन और समर्थक सीतापुर थाने पहुंचे, जहां नायब तहसीलदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। इस घटना के बाद सरगुजा जिले के प्रशासनिक अमले में हलचल बढ़ गई है। राजस्व अधिकारियों ने घटना पर नाराजगी जताई है।
