शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर प्रस्ताव पारित कर अवैध लाभ प्राप्त करने और शासन की योजनाओं एवं राशि के दुरुपयोग के उद्देश…और पढ़ें

HighLights
- सागर में देवरी नपा अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज
- पीआईसी बैठकों में फर्जी हस्ताक्षर का लगा आरोप
- अध्यक्ष पर राशि के दुरुपयोग का भी लगा आरोप
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। नगर पालिका परिषद देवरी की अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन के खिलाफ फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचना के आरोप में देवरी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। देवरी वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद सुनीता लोधी की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों के उपयोग से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि शिकायतकर्ता सुनीता लोधी वर्ष 2025 तक नगर पालिका अध्यक्ष की प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (पीआइसी) की सदस्य थीं। उन्होंने आरोप लगाया है कि 23 जनवरी 2023, 31 जनवरी 2023, 1 मार्च 2023, 11 अप्रैल 2023, 9 मई 2023, 31 मई 2023, 13 जुलाई 2023, 9 अगस्त 2023, 18 सितंबर 2023 और 13 दिसंबर 2023 को आयोजित पीआइसी बैठकों में वे उपस्थित नहीं थीं। इसके बाद भी हाजिरी रजिस्टर में उनके नाम के सामने हस्ताक्षर दर्ज हैं।
सूचना के अधिकार से निकाले दस्तावेज
शिकायत के अनुसार उन्हें इन बैठकों की न तो लिखित सूचना दी गई और न ही मौखिक। सुनीता के पति ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत बैठकों के प्रस्ताव और हाजिरी रजिस्टर की प्रमाणित प्रतियां प्राप्त कीं। दस्तावेजों के अवलोकन में उनके नाम के सामने हस्ताक्षर पाए गए, जबकि वे संबंधित बैठकों में शामिल नहीं हुई थीं।
सुनीता लोधी ने बताया कि परिषद सम्मेलन 11 मार्च 2024, 15 मार्च 2024, 13 सितंबर 2024, 21 नवंबर 2024, 14 मई 2025 और 24 अक्टूबर 2025 की बैठकों में वे स्वयं उपस्थित रहीं और उन बैठकों में किए गए हस्ताक्षर उनके वास्तविक हस्ताक्षर हैं। उनका दावा है कि इन वास्तविक हस्ताक्षरों की तुलना पीआइसी बैठकों के हस्ताक्षरों से करने पर दोनों में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।
राशि के दुरुपयोग का भी आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर प्रस्ताव पारित कर अवैध लाभ प्राप्त करने और शासन की योजनाओं एवं राशि के दुरुपयोग के उद्देश्य से कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नपा अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
