गुना एसपी कार्यालय में पति द्वारा अपनी पत्नी को 8 लाख रुपये में बेचने की शिकायत की गई है। पति का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी पत्नी को विदिशा जिले …और पढ़ें

HighLights
- पति का आरोप- पांच माह की गर्भवती पत्नी को 8 लाख रुपये में बेच दिया गया
- जनसुनवाई में एसपी से शिकायत, पत्नी को वापस लाने की लगाई गुहार
- पुलिस ने मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, गुना। एक पति द्वारा अपनी पत्नी को 8 लाख रुपये में बेचने की शिकायत जनसुनवाई में एसपी से की है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी को विदिशा जिले में बेचा गया है।
मंगलवार को जनसुनवाई में एसपी कार्यालय पहुंचे राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बंदरगड़ा निवासी जितेंद्र उर्फ जीतु बंजारा ने अपनी मां और अन्य स्वजनों के साथ पुलिस अधीक्षक शिकायत शाखा में शिकायती आवेदन दिया।
अटा-सटा प्रथा के तहत की शादी
इसमें बताया कि अटा-सटा प्रथा के तहत उसकी शादी घूंघरी पहाड़ी निवासी गंगाराम की बेटी बतूल बाई के साथ हुई थी। इस शादी के बदले जितेंद्र की बहन की शादी गंगाराम के लड़के के साथ तय हुई थी। चूंकि जितेंद्र की बहन नाबालिग है, इसलिए उसकी विदाई नहीं की गई। इसी बात से नाराज होकर करीब तीन महीने पहले उसका ससुर गंगाराम गेहूं काटने के बहाने बतूल बाई को मायके ले गया।
जब जितेंद्र एक महीने पहले अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया, तो ससुरालियों से बेटी को भेजने से यह कहते हुए मना कर दिया कि पहले उसे अपनी बहन को विदा करना होगा।
यह भी पढ़ें- देश में पहली बार… मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड में दो हिंदू चेहरों की एंट्री, कौन हैं इंदौर के मनोज और गुना के अनिमेश?
ससुराल वालों पर लगाया आरोप
जितेंद्र ने आरोप लगाया कि उसका एक 3 वर्ष का बेटा भी है और उसकी पत्नी को पांच माह का गर्भ है। ससुरालजन ने उसकी पत्नी को विदिशा जिले में किसी अन्य व्यक्ति को 8 लाख रुपये में बेच दिया है। मामले को लेकर समाज की पंचायत भी बुलाई थी। लेकिन उसकी पत्नी को वापस नहीं भेजा गया।
युवक ने एसपी से गुहार लगाई है कि उसकी पत्नी को वापस लाया जाए। राघौगढ़ एसडीओपी दीपा डोडवे ने बताया कि आवेदक ने सीधे एसपी कार्यालय में शिकायत की है। उसे राघौगढ़ थाने बुलाकर मामला समझा जाएगा। उसी के आधार पर कार्रवाई होगी।
