सतना जिले के मझगवां विकासखंड अंतर्गत पिंडरा पंचायत के ग्राम खंतार से लापता हुए 10 वर्षीय मासूम नितिन यादव की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही।

HighLights
- सतना के मझगवां से 10 वर्षीय नितिन यादव लापता, तलाश का दूसरा दिन
- मासूम की खोज में जुटी पुलिस, वन विभाग, SDRF और डॉग स्क्वायड की टीम
- रातभर ग्रामीणों ने जंगलों और कुओं में की तलाश, पुलिस ने की अपील
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के मझगवां विकासखंड अंतर्गत पिंडरा पंचायत के ग्राम खंतार से लापता हुए 10 वर्षीय मासूम नितिन यादव की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे घर से निकला नितिन वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिवार और पूरे गांव में चिंता का माहौल है। मासूम के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में व्यापक सर्च अभियान
पुलिस अधीक्षक सतना के निर्देशन में मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर एसडीओपी चित्रकूट राजेश सिंह बंजारे, मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे, साइबर सेल, डॉग स्क्वायड, एसडीआरएफ, क्यूआरएफ बल और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी बच्चे का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वन विभाग की टीम जंगलों में कर रही सघन सर्चिंग
वन विभाग की टीम भी आसपास के जंगलों में सघन सर्चिंग कर रही है। वन परिक्षेत्राधिकारी रंजन सिंह परिहार के निर्देश पर वन अमला संभावित क्षेत्रों की लगातार तलाशी ले रहा है।
डायल-112 पर दी गई सूचना, रातभर ग्रामीणों ने की खोजबीन
परिजनों के अनुसार, सूचना सबसे पहले डायल-112 पर दी गई थी। रातभर ग्रामीणों ने खेत, कुएं, नालों, जंगल और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन नितिन का कोई सुराग नहीं मिला। गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष पूरी रात बच्चे की तलाश में लगे रहे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी लेकर आसपास के क्षेत्रों में सर्च तेज कर दिया है।
पुलिस ने जनता से की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को नितिन यादव के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल मझगवां थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि मासूम तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
