नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। CM डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर के घंटाघर स्थित कन्वेंशन सेंटर में 435 करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि नगर निगम जबलपुर को अगले एक वर्ष के भीतर ‘मेट्रोपोलिटन सिटी’ बनाया जाएगा। CM ने मंच से ही कमिश्नर और कलेक्टर को जल्द से जल्द इसका ड्राफ्ट प्रपोजल तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रमुख घोषणाएं और विकास कार्य क्या-क्या
1. जबलपुर में बनेगा नया चिड़ियाघर (Zoo)- पर्यटकों को आकर्षित करने और वाइल्ड एनिमल्स विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए मदन महल पहाड़ी के पास एक चिड़ियाघर (जू) बनाया जाएगा।
2. 435 करोड़ की सौगात- 362.31 करोड़ की लागत वाली ‘अमृत 1.0’ सीवेज परियोजना के तहत कठौंदा, ललपुर और तेवर में बने तीन बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को डिजिटल क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए।
3. ‘मियावाकी पद्धति’ से 11 लाख पौधों का रोपण- जबलपुर में 11 लाख पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इसके लिए जापानी ‘मियावाकी पद्धति’ का उपयोग होगा, जिससे एक एकड़ भूमि में 12,000 पौधे लगाए जा सकेंगे और मात्र तीन साल में सघन वन तैयार होगा।
4. हर विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय- विधायक डॉ. अभिलाष पांडेय की मांग पर CM ने शहर की सभी विधानसभाओं में सांदीपनि विद्यालय (CM RISE) खोलने की घोषणा की।
समान नागरिक संहिता (UCC) पर बोले CM
कांग्रेस पर तंज कसते हुए CM ने कहा कि पिछली सरकारों ने धर्म के आधार पर वर्ग विभेद किया। मध्य प्रदेश सरकार ‘सब समान-सबको सम्मान’ के भाव से एक समान कानून (UCC) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ी है। इसके लिए 3 करोड़ से अधिक SMS भेजे गए थे, जिनमें मिले 10 लाख से अधिक सुझावों में 74% से ज्यादा मुस्लिम बहनों ने UCC का समर्थन किया है।
जबलपुर की उपलब्धियों पर भी बातचीत
इस दौरान पिछले कुछ दिनों में जबवपुर की उपलब्धियों पर भी बात की गई। सरकार के मुताबिक-
- विगत 4 वर्षों में बिना कोई नया टैक्स लगाए 2,200 करोड़ से अधिक के विकास कार्य पूरे हुए।
- वायु गुणवत्ता (Air Quality) में देश में दूसरा स्थान, पीएम स्वनिधि योजना में तीसरा और स्वच्छता रैंकिंग में देश में 5वां स्थान प्राप्त किया।
- मां नर्मदा को स्वच्छ रखने के लिए शहर के प्रमुख नालों पर एसटीपी प्लांट लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक डॉ. अभिलाष पांडेय, अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- CM मोहन यादव ने 11 लाख पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया, अब कई विकास कार्यों को मिलेगी सरकार की बड़ी सौगात
