जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान ट्राइडेंट कंपनी के पास एक आयशर वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

HighLights
- ट्राइडेंट कंपनी के पास दर्दनाक सड़क हादसा
- 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया वाहन चालक
- पुलिस वाहन जब्त कर जांच में जुटी
नवदुनिया न्यूज, बुदनी। ट्राइडेंट कंपनी के समीप मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंकित मीणा पिता केवल मीणा 19 वर्ष एवं राजा कीर, पिता सियावत कीर दोनों निवासी ग्राम पाताल खोह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान ट्राइडेंट कंपनी के पास एक आयशर वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद आयशर चालक बाइक और दोनों युवकों को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त आयशर वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- अचानकमार टाइगर रिजर्व में थमे बसों के पहिए, 4 घंटे तक पुल के पार अटके रहे स्कूली छात्र
चालक रील बनाते हुए चला रहा था ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के समय आयशर चालक मोबाइल फोन से रील बना रहा था, जिसके कारण उसका ध्यान सड़क से भटक गया और यह दुर्घटना हुई। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
