अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक से नकदी लेकर लौट रहे एक बैंक मित्र से दिनदहाड़े दो लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। …और पढ़ें

HighLights
- दो लाख रुपये निकालकर लौट रहे बैंक मित्र को बनाया निशाना
- मिर्च पाउडर फेंकने की कोशिश नाकाम, बैग लेकर फरार हुए बदमाश
- बैंक से रैकी किए जाने के एंगल पर पुलिस की जांच जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक से नकदी लेकर लौट रहे एक बैंक मित्र से दिनदहाड़े दो लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले मिर्च पाउडर फेंककर उसे असहाय बनाने की कोशिश की, लेकिन हेलमेट का फेस गार्ड नीचे होने के कारण उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपितों ने बाइक अड़ाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार बिरोदा निवासी पोषण साहू बैंक मित्र के रूप में कार्य करता है। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह अभनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से दो लाख रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहा था। खोरपा और बिरोदा गांव के बीच पगडंडी मार्ग पर पहुंचते ही बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करते हुए पहुंचे।
आंखों की ओर मिर्च पाउडर फेंका
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार पीछे बैठे बदमाश ने पोषण साहू की आंखों की ओर मिर्च पाउडर फेंका। हालांकि पोषण ने समय रहते हेलमेट का फेस गार्ड नीचे कर लिया, जिससे मिर्च पाउडर का असर नहीं हुआ। इसके बाद बदमाशों ने अपनी बाइक उसके सामने अड़ा दी और नोटों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपितों ने बैंक से ही पोषण साहू की गतिविधियों पर नजर रखी थी और नकदी लेकर निकलने के बाद उसका पीछा किया।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस बैंक ऑफ बड़ौदा परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटना स्थल तक जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज भी जांचे जा रहे हैं, ताकि आरोपितों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रैकी के एंगल पर जांच
पुलिस को संदेह है कि आरोपितों को पहले से जानकारी थी कि बैंक मित्र बड़ी रकम लेकर निकलने वाला है। इसी वजह से बैंक परिसर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं बदमाशों ने बैंक से ही उसकी रैकी तो नहीं की थी।
यह भी पढ़ें- Raipur Crime: हत्या, लूट और रेप सहित 49 मामलों के आरोपी छोटू भाण्डूलकर पर बड़ा एक्शन, 6 जिलों से किया गया जिला बदर
