आरकेएमपी के एसी एग्जीक्यूटिव लाउंज में अखबार, चाय-कॉफी, लैपटॉप पर काम और बच्चों के गेम्स जैसी सुविधाएं मिलेंगी। 1 अक्टूबर तक शुरू होने की उम्मीद जताई …और पढ़ें

HighLights
- यात्री ट्रेन के इंतजार के दौरान आराम से बैठ सकेंगे
- लाउंज में एक समय में करीब 100 यात्री बैठने की क्षमता
- अखबार, चाय-कॉफी, लैपटॉप पर काम और गेम्स की सुविधा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल और आसपास के शहरों से रानी कमलापती रेलवे स्टेशन (आरकेएमपी) आने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। अब ट्रेन के इंतजार में घंटों स्टेशन पर भटकने या सामान्य वेटिंग एरिया में समय बिताने की जरूरत नहीं होगी।
रानी कमलापति स्टेशन पर प्लेटफार्म एक की तरफ जल्द ही एसी एग्जीक्यूटिव लाउंज शुरू होगा। यहां यात्री महज 50 रुपये देकर एक घंटे तक आराम से बैठने के साथ लैपटॉप पर काम, पढ़ाई या अन्य जरूरी काम भी कर सकेंगे।
100 यात्रियों के बैठने की होगी व्यवस्था
एसी एग्जीक्यूटिव लाउंज में एक समय में करीब 100 यात्री बैठ सकेंगे। यहां 6-6 सीटर के हिसाब से बैठने की व्यवस्था की जाएगी। पूरा लाउंज एयर कंडीशन रहेगा, जिससे गर्मी और उमस के मौसम में भी यात्रियों को आराम मिलेगा।
खासतौर पर वे यात्री इसका फायदा उठा सकेंगे, जिन्हें ट्रेन के समय से काफी पहले स्टेशन पहुंचना पड़ता है।
50 रुपये में एक घंटे बैठ सकेंगे
लाउंज का उपयोग करने के लिए यात्रियों को एक घंटे के लिए 50 रुपये का शुल्क देना होगा। यानी भोपाल या आसपास के शहरों से ट्रेन पकड़ने के लिए आरकेएमपी पहुंचने वाले यात्री कुछ रुपये खर्च कर ट्रेन आने तक आराम से समय बिता सकेंगे।
लंबी दूरी की ट्रेन लेट होने या कनेक्टिंग ट्रेन के इंतजार के दौरान भी यह सुविधा यात्रियों के काम आएगी।
काम करने के साथ पढ़ सकेंगे अखबार
लाउंज में सिर्फ बैठने की सुविधा ही नहीं होगी। यहां यात्रियों के लिए चाय-काफी और अखबार की व्यवस्था भी रहेगी। ऐसे यात्री जो ट्रेन के इंतजार के दौरान आफिस का काम करना चाहते हैं, वे लैपटॉप आदि लेकर यहां बैठकर अपना काम कर सकेंगे। इससे खासतौर पर नौकरीपेशा और बिजनेस से जुड़े यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
बच्चों के लिए भी गेम्स की सुविधा
यात्रियों के साथ आने वाले बच्चों का भी ध्यान रखा गया है। लाउंज में बच्चों के लिए गेम्स की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे ट्रेन के इंतजार के दौरान बच्चे भी व्यस्त रह सकेंगे और अभिभावकों को भी कुछ राहत मिलेगी।
आरकेएमपी पर इस एसी एग्जीक्यूटिव लाउंज को एक अक्टूबर तक तैयार कर यात्रियों के लिए शुरू करने की कोशिश है। इसके शुरु होने के बाद भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से आरकेएमपी आने वाले यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के लिए एक आरामदायक विकल्प मिल सकेगा और वो अपना काम भी कर सकेंगे। – मोहित समैया, महाप्रबंधक, परियोजना आरकेएमपी
