प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज गादिया शनिवार रात करीब 11 बजे हरियाली ढाबे पर पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने घरवालों को फोन कर जहर खाने और सैलाना के एक ढाबे पर…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। मानक चौक थाना अंतर्गत नागरवास निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी 50 वर्षीय मनोज पुत्र समीरमल गादिया की रविवार सुबह मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने शनिवार रात सैलाना बायपास स्थित हरियाली ढाबे पर जहर खा लिया था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया था।
सैलाना थाना पुलिस के अनुसार मनोज गादिया शनिवार रात करीब 11 बजे हरियाली ढाबे पर पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने घरवालों को फोन कर जहर खाने और सैलाना के एक ढाबे पर होने की जानकारी दी थी। स्वजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरक्षक तूफान भूरिया पुलिस टीम के साथ सैलाना क्षेत्र के ढाबों पर तलाश के लिए पहुंचे। मनोज हरियाली ढाबे पर मिले। पुलिस उन्हें डायल-112 वाहन से सैलाना अस्पताल लेकर गई।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रविवार सुबह करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई। सैलाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन भी यह स्पष्ट नहीं कर पाए हैं कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया। थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिवार में एक बेटा प्रहर्ष और छोटी बहन है।
25 दिन में दूसरी घटना
रतलाम में इसी तरह की दूसरी घटना सामने आई है। 11 अगस्त की रात सराफा व्यापारी और चांदनी चौक स्थित महावीर ज्वैलर्स के संचालक रवि मोठिया ने शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर एक होटल के कमरे में जहर खा लिया था। होटल में कमरा बुक कराने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया था। उनकी मौत के करीब 26 दिन बाद प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज गादिया की भी जहर खाने से मौत हो गई।
