रक्षाबंधन पर मध्य प्रदेश में दूर-दराज रहने वाले भाइयों तक राखी भेजने वाली बहनों के लिए डाक विभाग ने खास सुविधा शुरू की है।

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रक्षाबंधन पर मध्य प्रदेश में दूर-दराज रहने वाले भाइयों तक राखी भेजने वाली बहनों के लिए डाक विभाग ने खास सुविधा शुरू की है। अब प्रदेश भर के डाकघरों से स्पीड पोस्ट के जरिए राखी भेजने पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह सुविधा 12 अगस्त से लागू होगी।
हालांकि छूट का लाभ लेने के लिए लिफाफे पर बड़े और साफ अक्षरों में ‘राखी मेल’ लिखना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही डाक को इस विशेष श्रेणी में शामिल कर रियायती शुल्क लिया जाएगा।
अगस्त में राखी भेजने वालों की संख्या 20% बढ़ी
रक्षाबंधन को देखते हुए भोपाल के डाकघरों में राखी भेजने वालों की संख्या बढ़ गई है। विभाग के अनुसार अगस्त में राखी से जुड़े डाक की संख्या में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। लोगों की सुविधा के लिए डाकघरों में राखी मेल की बुकिंग के लिए तीन विशेष काउंटर भी लगाए गए हैं। विभाग ने राखी भेजने के लिए अलग से विशेष एनवलप भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
‘राखी मेल’ लिखना जरूरी
डाक विभाग की ओर से जारी एसओपी के अनुसार छूट का लाभ लेने के लिए लिफाफे पर ‘राखी मेल’ लिखना जरूरी है। यदि लिफाफे पर यह नहीं लिखा होगा तो सामान्य स्पीड पोस्ट शुल्क ही लिया जाएगा। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम पांच राखी मेल स्पीड पोस्ट बुक करा सकेगा।
कर्मचारी लिफाफा खोलकर नहीं करेंगे जांच
राखी भेजने वालों को लिफाफा खोलकर दिखाने की जरूरत नहीं होगी। डाकघर कर्मचारी बाहरी जांच के आधार पर यह सुनिश्चित करेंगे कि भेजी जा रही वस्तु राखी है। बुकिंग के समय काउंटर कर्मचारी इसकी पुष्टि करेंगे। इसके बाद डाक को राखी मेल की श्रेणी में बुक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में PWD का अनोखा कारनामा, 4.5 किलोमीटर की सड़क बनाई, पर भूल गए 100 मीटर की पुलिया बनाना
सिर्फ रिटेल ग्राहकों को मिलेगा लाभ
यह सुविधा केवल रिटेल ग्राहकों के लिए है। स्पीड पोस्ट की बुकिंग डाकघर के काउंटर से करानी होगी। बीपीएनपीएल, कारपोरेट और बल्क ग्राहकों को इस छूट का लाभ नहीं मिलेगा। 10 प्रतिशत की छूट केवल डाक शुल्क पर होगी। किसी अतिरिक्त या वैल्यू एडेड सेवा पर यह छूट लागू नहीं होगी।
त्योहार के दौरान लोगों की सुविधा को देखते हुए ‘राखी मेल’ की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य लोगों को कम शुल्क में राखी सुरक्षित और समय पर भेजने की सुविधा देना है।- जेएस राजपूत, प्रवर अधीक्षक, डाकघर, भोपाल
