गिरफ्तार आरोपियों में केवलसिंह (55) निवासी पीपलहेड़ा, थाना मृगवास जिला गुना तथा प्रीतमसिंह (32) निवासी कोनियाडांग, थाना चांचौड़ा जिला गुना शामिल हैं। …और पढ़ें

नईदुनिया न्यूज, मक्सी। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मक्सी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल ₹4 लाख 80 हजार मूल्य का माल जब्त किया गया है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शाजापुर प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के निर्देशन में मक्सी थाना प्रभारी मदन इवने को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशानुसार थाना प्रभारी ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने मुखबिर की सूचना पर मक्सी बायपास स्थित झोंकर ब्रिज के पास दबिश देकर कार्रवाई की। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 41 ग्राम स्मैक (कीमत करीब ₹4 लाख 10 हजार) एवं एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत ₹70 हजार) जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में केवलसिंह (55) निवासी पीपलहेड़ा, थाना मृगवास जिला गुना तथा प्रीतमसिंह (32) निवासी कोनियाडांग, थाना चांचौड़ा जिला गुना शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी मदन इवने, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह बुंदेला, प्रधान आरक्षक रामेश्वर जाटव, राजेश पटेल, विपिन सिंह तोमर एवं आरक्षक चंद्रशेखर जाट की विशेष भूमिका रही।
