महू-नीमच राजमार्ग पर जिला मुख्यालय से लगभग 20 किमी दूर स्थित सरसौद फंटे पर ग्राम आक्या के ग्रामीणों व माली समाजजनों ने लगभग चार घंटे तक चक्काजाम किया। …और पढ़ें

HighLights
- आरोपी पर हत्या का प्रकरण, मकान गिराने का लिखित में लिया आश्वासन
- आरोप- 35 घंटे पहले दे दी थी दलौदा थाने पर सूचना, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
- फोरलेन पर दोनों तरफ 5 से 7 किमी तक वाहनों की लाइन लग गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। महू-नीमच राजमार्ग पर जिला मुख्यालय से लगभग 20 किमी दूर स्थित सरसौद फंटे पर ग्राम आक्या के ग्रामीणों व माली समाजजनों ने लगभग चार घंटे तक चक्काजाम किया। हालात यह हो गई फोर लेन पर दोनों तरफ 5 से 7 किमी तक वाहनों की लाइन लग गई।
आक्रोशित लोगों का कहना था कि ग्राम आक्या से गुमशुदा नाबालिग का शव शुक्रवार को कुएं से मिला है। जबकि स्वजन ने 35 घंटे पूर्व दलौदा थाने पर बताया था कि बालिका को अनिल मालवीय लेकर गया है। पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और कुएं में उसकी लाश मिली। बाद में पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया, पर लोग हत्या का केस दर्ज करने, अवैध मकान को तोड़ने आदि मांगों को लेकर राजमार्ग पर बैठे रहे।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम आक्या की 14 वर्षीय नाबालिग दो दिन से घर से लापता थी। स्वजन ने गांव के अनिल मालवीय पर अपहरण का आरोप लगाकर पुलिस थाने पर सूचना दी थी। स्वजन का आरोप है कि पुलिस ने अनिल और बालिका को खोजने की कोशिश ही नहीं की। इस बीच गुरुवार शाम को गांव में कुएं से नाबालिग का शव मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया।
स्वजन में गुस्सा था कि पुलिसकर्मी समय पर कार्रवाई कर लेते तो हमारी बेटी जीवित होती। स्वजन व ग्रामीणों ने शुक्रवार को राजमार्ग पर सरसौद फंटे पर नाबालिग का शव रखकर चक्काजाम शुरु कर दिया। इधर पुलिस ने भी अनिल मालवीय को हिरासत में लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों को सड़क से हटाने के लिए अधिकारी एसडीएम शुभम पाटीदार, एसडीओपी कीर्ति बघेल, नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी, वायडी नगर टीआई शिवांशु मालवीय सहित पुलिस बल पहुंचा। जाम खोलने के लिए स्वजन और ग्रामीणों की मान-मनोव्वल शुरु की।
इसलिए चला लंबा जाम
पहले करीब सवा घंटे में प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारियों ने स्वजन की मांगें मान ली थी कि आरोपित युवक पर हत्या का केस दर्ज करेंगे। उसके अवैध मकान को गिराने की कार्रवाई करेंगे। मामले में दोषी अन्य लोग भी होंगे तो प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया जाएगा। पर स्वजन ने मौखिक आश्वासन की लिखित कापी मांग ली। इसे लिखित देने में करीब आधा घंटा पूरा हो गया। जब लिखित में दिया गया तो स्वजन ने उस पत्र पर सील लगाकर साइन करने की मांग की। स्वजन नहीं माने तो प्रशासन को सील भी मंगवाकर लगाना पड़ी। इस प्रक्रिया में काफी समय लगा। ऐसे में जो चक्काजाम करीब डेढ़ घंटे में खुल सकता था उसे 3 से 4 घंटे लग गए।
हिरासत में युवक ने कहा मेरे सामने ही कूदी बालिका
पूरे मामले में सूत्र बता रहे हैं कि अनिल मालवीय ने पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि नाबालिग बालिका मैरे सामने ही कुएं में कूदी थी। ऐसे में पुलिस अधिकारियों को भी गुस्सा आया कि जब सामने ही यह घटना हुई थी दो दिन तक इस मामले में पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी।
लगातार दूसरे दिन राजमार्ग जाम
उल्लेखनीय है कि लगातार दूसरे दिन दलौदा क्षेत्र में महू-नीमच राजमार्ग जाम रहा। गुरुवार को भावगढ़ क्षेत्र के ग्राम भंडारिया में युवक की आत्महत्या के मामले में स्वजन व ग्रामीणों ने दो घंटे तक जाम किया था। जाम के कारण राजमार्ग पर छोटे से लेकर बड़े वाहन चालक तक खासे परेशान होते रहे। जिनका इन घटनाओं से दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं था।
पुलिसकर्मी बताकर प्रेमजाल में फंसाया, नाबालिग समेत दो युवतियों से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
