क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर साइबर ठगों ने न्यू मार्केट के एक ज्वेलर से 1.20 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सामने आने पर पीड़ित ने साइबर थान…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर साइबर ठगों ने न्यू मार्केट के एक ज्वेलर से 1.20 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सामने आने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बैंक अधिकारी बनकर ठग ने लिया ओटीपी, खाते से उड़े 1.20 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार एकांश अग्रवाल, निवासी शास्त्री नगर, न्यू मार्केट में ज्वेलरी का कारोबार करते हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले अपने एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए बैंक से संपर्क किया था। इसके दो दिन बाद, 31 जुलाई को उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की प्रक्रिया समझाई।
ओटीपी साझा करते ही हुआ ट्रांजैक्शन: कार्ड ब्लॉक कर थाने पहुंचे पीड़ित
बातचीत के दौरान उसने सत्यापन के नाम पर ओटीपी भी मांग लिया। ओटीपी साझा करते ही उनके क्रेडिट कार्ड से 1.20 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन हो गया। रकम कटने का मैसेज मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक से कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपित की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- झाबुआ में सूने मकान पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, नकदी और जेवरात पार, CCTV में कैद घटना
