इस परीक्षा में आईसीएआई भोपाल ब्रांच के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। भोपाल केंद्र की मेरिट लिस्ट में ईशान मुकेश म…और पढ़ें

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आइसीएआई) द्वारा मई 2026 में आयोजित सीए इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम बुधवार को घोषित कर दिए गए हैं। इस परीक्षा में आइसीएआई भोपाल ब्रांच के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। सफल छात्र अब सीए फाइनल की तैयारी करेंगे, साथ ही इनकी दो साल की आर्टिकलशिप शुरू होगी।
भोपाल केंद्र की मेरिट लिस्ट में ईशान मुकेश मंगल ने 600 में से 476 अंक (79.33%) प्राप्त कर शहर में पहला स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया लेवल (एआईआर) पर 15वीं रैंक हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है। भोपाल मेरिट सूची में मान्या गोस्वामी (64.50%) दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि मोहित कछवानी (62.83%) और नंदिनी गुप्ता (62.83%) ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। सक्षम अग्रवाल (58.67%) चौथे स्थान पर रहे हैं।
राष्ट्रीय औसत से बेहतर रहा भोपाल का परिणाम
भोपाल केंद्र से समूह एक में 379 छात्र शामिल हुए, जिनमें से 32 उत्तीर्ण (8.44%) रहे। समूह दो में 217 में से 42 छात्र (19.35%) पास हुए, जो राष्ट्रीय औसत (16.11%) से बेहतर है। दोनों समूह में बैठने वाले 215 विद्यार्थियों में से 13 ने दोनों ग्रुप एक साथ क्लियर किए।
आइसीएआई भोपाल शाखा के चेयरमेन आदित्य पी श्रीवास्तव ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए असफल छात्रों को निरंतर प्रयास करने और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है।
