इन तीनों सिस्टम के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में वर्षा का यह दौर ऐसे ही जारी रहेगा। वर्षा के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है…और पढ़ें

HighLights
- मध्य प्रदेश में 1 जून से 23 जुलाई तक का आंकड़ा
- पूरे मध्य प्रदेश में 5 दिन झमाझम बारिश के आसार
- मानसून ट्रफ और चक्रवात से बदला मौसम का मिजाज
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार वर्षा के कारण मौसम काफी सुहाना हो गया है। गुरुवार शाम तक टीकमगढ़ में 38 मिलीमीटर और ग्वालियर में 32.5 मिलीमीटर वर्षा के साथ सबसे अधिक पानी गिरा।
राजधानी भोपाल में दिनभर काले बादल छाए रहे, यहां हल्की बूंदाबांदी हुई। सिटी में 0.8 मिलीमीटर और संत हिरदाराम नगर में 1.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम केंद्र ने शुक्रवार को भी प्रदेश भर में कहीं हल्की तो कहीं तेज वर्षा की संभावना जताई है।
अगले 5 दिनों तक जारी रहेगा वर्षा का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में तीन मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय हैं। मानसूनी द्रोणिका यह गुना और दमोह से होकर गुजर रही है। पूर्व-पश्चिम शियर जोन मध्य प्रदेश के मध्य से होकर गुजर रहा है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर हवा का चक्रवात बना हुआ है।
इन तीनों सिस्टम के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में वर्षा का यह दौर ऐसे ही जारी रहेगा। वर्षा के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है।
सामान्य से 10 प्रतिशत कम हुई है अब तक वर्षा
प्रदेश में एक जून से 23 जुलाई तक की स्थिति देखें तो कुल वर्षा सामान्य दीर्घावधि औसत से 10 प्रतिशत कम रही है। इसमें पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 13 प्रतिशत और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 प्रतिशत कम पानी गिरा है।
