पाटी थाना क्षेत्र में एक ही बिस्तर पर सो रहे दो युवकों की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई।

HighLights
- बिस्तर पर सो रहे दो युवकों को सांप ने डसा, दोनों की मौत
- एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
- पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की
नईदुनिया न्यूज, पाटी (बड़वानी)। पाटी थाना क्षेत्र में एक ही बिस्तर पर सो रहे दो युवकों की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। सर्पदंश के बाद एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मेघा निवासी 20 वर्षीय राकेश पुत्र मानकरिया और उसकी बुआ का बेटा 20 वर्षीय धरमिया पुत्र तुलसीराम निवासी चंदनदेवी रात में घर के अंदर एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। देर रात किसी समय जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया।
सांप ने हाथ में काटा था
धरमिया ने सर्पदंश का एहसास होने पर बताया कि उसे किसी जहरीले जीव ने काटा है। उसने राकेश को जगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। धरमिया को भी सांप ने हाथ में काटा था। जहर तेजी से फैलने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामदास यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। राकेश का अंतिम संस्कार उसके गांव मेघा और धरमिया का अंतिम संस्कार चंदनदेवी में किया गया।
