राजगढ़ के प्रसिद्ध जैन तीर्थ मोहनखेड़ा में शुक्रवार को उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब जैन मुनिश्री जीतचंद्र विजयजी और तीर्थ के महाप्रबंधक अर …और पढ़ें

HighLights
- प्रसिद्ध जैन तीर्थ मोहनखेड़ा में विवाद
- मुनिश्री ने महाप्रबंधक पर लगाए आरोप
- मुनिश्री और महाप्रबंधक के बीच तीखी बहस
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। प्रदेश के प्रसिद्ध जैन तीर्थ मोहनखेड़ा में शुक्रवार को उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब जैन मुनिश्री जीतचंद्र विजयजी और तीर्थ के महाप्रबंधक अर्जुन प्रसाद मेहता के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद मुनिश्री की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
आचार्य श्री हितेशचंद्र सूरीश्वरजी से मिलने पहुंचे थे मुनिश्री
जानकारी के अनुसार आचार्य श्री ऋषभचंद्र सूरीश्वरजी के शिष्य मुनिश्री जीतचंद्र विजयजी शुक्रवार को आचार्य श्री हितेशचंद्र सूरीश्वरजी से मिलने पहुंचे थे। उस समय तीर्थ के मैनेजिंग ट्रस्टी सुजानमल सेठ एवं उनकी पत्नी भी वहां पहले से मौजूद थे। इसी दौरान तीर्थ के महाप्रबंधक अर्जुन प्रसाद मेहता भी वहां पहुंच गए।
सेवकों के वेतन का मुद्दा उठाने पर बढ़ी कहासुनी
बताया जाता है कि चर्चा के दौरान मुनिश्री ने अपने सेवकों को पिछले पांच वर्षों से वेतन नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। इसी बात को लेकर मुनिश्री और महाप्रबंधक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
इस दौरान महाप्रबंधक मुनिश्री को मारने भी दौड़े, लेकिन मौके पर मौजूद सेवकों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
ओल्ड एज होम के निर्माण को लेकर यहां से प्रारंभ हुआ विवाद
सूत्रों के मुताबिक मुनिश्री द्वारा मोहनखेड़ा तीर्थ पर वृद्ध जनों के लिए ओल्ड एज होम के नाम से भवन का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन कुछ लोगों को यह रास नहीं आ रहा है। इसी बात को लेकर शुक्रवार को मुनिश्री एवं तीर्थ के मैनेजिंग ट्रस्टी सुजानमल सेठ के बीच विवाद चल रहा था। सेठ और मुनिश्री के बीच विवाद बढ़ने पर मामला गरमा गया और इसी दौरान महाप्रबंधक ने हस्तक्षेप किया।
थाने में रिपोर्ट दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मुनिश्री की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
फोटो 12 आरडीएच12= मुनिश्री जीतचंद्र विजयजी।
12 आरडीएच 13= सुजानमल सेठ।
