नरसिंहपुर में NH-44 पर डांगीढाना ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार गौशाला कर्मी लखन मेहरा की दर्दनाक मौत हो गई; पुलिस फरार वाहन की तल…और पढ़ें

HighLights
- नरसिंहपुर के पास रात दर्दनाक हादसे में 39 साल के लखन मेहरा की मौत हो गई
- काम खत्म कर लौट रहे मोपेड सवार युवक को टक्कर मारकर चालक फरार हो गया
- डायल 112 की टीम घायल को जिला अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
MP डेस्क, नरसिंहपुर. नेशनल हाईवे 44 (NH-44) पर स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत डांगीढाना ओवरब्रिज के पास मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक स्कूटर सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी चालक अपने वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
काम से घर लौटते वक्त हुआ हादसा
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम मुरली पौंडी के रहने वाले 39 वर्षीय लखन मेहरा (पिता भागचंद मेहरा) सहजपुरा स्थित गौशाला में काम करते थे। मंगलवार की रात वे ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने एक साथी को छोड़ने मोपेड से डांगीढाना आए थे। साथी को छोड़ने के बाद रात करीब 10:30 बजे जब वे अपने गांव मुरली पौंडी लौट रहे थे, तभी डांगीढाना ओवरब्रिज के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दुर्घटना की खबर मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान और गंभीर हालत में पड़े लखन मेहरा को शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
बुधवार की सुबह अस्पताल पुलिस चौकी ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराने के बाद पार्थिव देह परिजनों के सुपुर्द कर दी। फिलहाल अस्पताल चौकी पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मर्ग डायरी स्टेशनगंज थाना भेजी जा रही है, जिसके आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश की जाएगी।
