विभाग ने अधिकारियों को पूर्व में भेजे गए ई-मेल का हवाला देते हुए आवश्यक जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) टेस्ट प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने पहल शुरू की है। इसके तहत विकसित किए जा रहे डीएल टेस्ट मोबाइल एप के लिए सभी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) और ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट ट्रैक की भौगोलिक जानकारी (जियो लोकेशन) मांगी गई है।
अक्षांश और देशांतर की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं
परिवहन विभाग की ओर से जारी निर्देश में सभी आरटीओ, एआरटीओ और डीटीओ को संलग्न एक्सेल प्रपत्र में संबंधित कार्यालयों के अक्षांश और देशांतर की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया है।
ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट ट्रैक का विवरण भी मांगा
संबंधित कार्यालय के अंतर्गत संचालित ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट ट्रैक का विवरण भी मांगा गया है। बताया गया है कि सारथी टीम ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट के लिए मोबाइल एप विकसित कर रही है।
अधिकारियों को पूर्व में भेजे गए ई-मेल का हवाला
एप में लोकेशन आधारित सेवाएं और सटीक मैपिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग ने अधिकारियों को पूर्व में भेजे गए ई-मेल का हवाला देते हुए आवश्यक जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
