तहसीलदार राम प्रसाद मार्को ने बताया कि अवैध खदान संचालन को लेकर जांच की जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। …और पढ़ें

HighLights
- पड़रिया कला में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा
- खदान की मिट्टी अचानक भरभराकर धंस गई
- घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी शहपुरा।जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया कला में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां अवैध रूप से संचालित छूही मिट्टी खदान अचानक धसक गई। हादसे में एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
अवैध छूही खदान का संचालन किया जा रहा था
ग्राम पड़रिया कला में लंबे समय से अवैध छूही खदान का संचालन किया जा रहा था। सोमवार की सुबह ग्रामीण रोज की तरह छूही खोदने खदान में उतरे थे। इसी दौरान कमजोर पड़ी खदान की मिट्टी अचानक भरभराकर धंसक गई। मलबे में कई ग्रामीण दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद मलबे से एक शव मिला
सूचना मिलते ही तहसीलदार राम प्रसाद मार्को, शहपुरा थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मशीन बुलाई और ग्रामीणों के सहयोग से मलबा हटाने का काम शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद मलबे से एक महिला का शव बाहर निकाला गया।

हादसे के वक्त खदान में 5 से 6 लोग मौजूद थे
मृतका की पहचान गांव की ही निवासी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त खदान में 5 से 6 लोग मौजूद थे। ऐसे में कई अन्य लोगों के भी मलबे में दबे होने की आशंका है।
