नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कुंडम थाना पुलिस ने बीएफएस फिनसर्व लिमिटेड बैंक की स्थानीय शाखा में लोन की किस्त के रूप में ग्राहकों से वसूली गई रकम का गबन करने के आरोप में तीन अधिकारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज किया है।
वसूली, लेकिन राशि बैंक में जमा नहीं की
बैंक की आंतरिक जांच में वित्तीय अनियमिता का पता चला। यह बात सामने आयी कि उपभोक्ताओं को दी गई ऋण राशि के एवज में लगातार किस्त की राशि वसूली गई।
मिलीभगत कर गबन कर लिया
संबंधित अधिकारियों ने वहा राशि बैंक में जमा नहीं की। मिलीभगत कर गबन कर लिया। मामले में बैंक के एरिया मैनेजर पवन कुमार रजक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
ग्राहकों से वसूले गए एक लाख सात हजार
आरोपित ग्रुप लोन आफिसर हर्षिता राजपूत ने ग्राहकों से वसूले गए एक लाख सात हजार 42 रुपये बैंक में जमा नहीं किए। बैंक ने उससे 12,574 रुपये की रिकवरी कर ली, जबकि 94,528 रुपये का गबन पाया गया।
जमा नहीं करने का आरोप है
तत्कालीन शाखा प्रबंधक पवन कुशवाहा पर उपभोक्ताओं से वसूले गए 65 हजार 243 रुपये में से 54,543 रुपये जमा नहीं करने का आरोप है। बैंक उसके पास से 10 हजार 700 रुपये ही वापस प्राप्त कर सका।
अब तक उससे कोई राशि बरामद नहीं हो सकी
ग्रुप लोन आफिसर रोशन पटेल ने नौ हजार 640 रुपये की वसूली बैंक में जमा नहीं की और अब तक उससे कोई राशि बरामद नहीं हो सकी है। कुल एक लाख 58 हजार 711 रुपये का गबन किए जाने की पुष्टि होने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।
