एक किशोर को पकड़ लिया। दूसरा धमकी देकर भाग गया। चाकू से अनिल की गर्दन में चोट आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

HighLights
- निशानदेही पर चाकू और मोटरसाइकिल जब्त
- मोटरसाइकिल से पहुंचे और बीड़ी का बंडल मांगा
- शराब और मुर्गा के लिए एक हजार रुपये मांगने लगे
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के न्यू शास्त्रीनगर में किराना दुकानदार से शराब और मुर्गा खरीदने के लिए एक हजार रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर चाकू से धमकाने वाले आरोपित नाबालिग निकले। मामले में पुलिस ने दो 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की है।
अनिल निराकुरे किराना दुकान पर थे
शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे अनिल निराकुरे (45) न्यू शास्त्री नगर स्थित अपनी किराना दुकान पर थे। तभी बड़ा पत्थर निवासी दोनों किशोर मोटरसाइकिल से पहुंचे और बीड़ी का बंडल मांगा।
रुपये नहीं देने पर एक ने चाकू गर्दन पर लगाई
अनिल ने बंडल देने के बाद पैसे मांगे तो दोनों अभद्रता करते हुए शराब और मुर्गा खरीदने के लिए एक हजार रुपये मांगने लगे। विरोध करने पर एक किशोर ने चाकू निकालकर अनिल की गर्दन पर लगा दिया।
चाकू से अनिल की गर्दन में चोट आई
शोर सुनकर वीरेंद्र सिंह और राहुल कटारे मौके पर पहुंचे और एक किशोर को पकड़ लिया। दूसरा आरोपित धमकी देकर भाग गया। चाकू से अनिल की गर्दन में चोट आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
युवक पर चाकू से हमला
गोरखपुर थाना क्षेत्र में शराब के लिए पांच सौ रुपये नहीं देने पर युवक से मारपीट और चाकू से हमला किया गया। ककरैया तलैया निवासी क्रिश सिंह (20) शुक्रवार की देर रात दोस्त हर्ष के साथ मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखने गया था।
आलूबंडा ठेले के पास शराब के लिए रुपये मांगे
लौटते समय मामा आलूबंडा ठेले के पास अन्नू चक्रवर्ती ने शराब के लिए रुपये मांगे। मना करने पर मारपीट की। तभी उसके साथी करण ने चाकू से हमला कर क्रिश की बायीं जांघ में चोट पहुंचा दी। दोनों आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
