जबलपुर में सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह के दो युवकों और एक नाबालिग को पुलिस ने पकड़ा। चोरी के जेवर बेचकर बाइक खरीदी गई। कटनी की वारदातों का भी …और पढ़ें

HighLights
- सूने मकानों में चोरी करने वाला गिरोह पुलिस गिरफ्त में।
- दो युवक और एक नाबालिग आरोपी पकड़े गए हैं।
- चोरी के जेवर बेचकर महंगी बाइक खरीदी गई थी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संजीवनी नगर पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह को दबोचा है। गिरोह के तीन सदस्यों में एक नाबालिग है। आरोपित अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी करते थे। चुराए गए सोने-चांदी को बेचकर एक आरोपित ने महंगी बाइक खरीदा है। जबकि एक अन्य आरोपित ने चुराए आभूषण गिरवीं रखकर मिले रुपये अपने उऊपर खर्च किया। आरोपियों के कटनी में भी चोरी की वारदात करने का पता चला है। उनके विरुद्ध कटनी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में अपराध दर्ज है।
धनवंतरी नगर निवासी होमेंद्र कुमार डेहरिया के सूने घर में 26 मई को चोरी हुई थी। पुलिस ने जांच दौरान गुरुवार को अंधमूक बायपास के पास दो संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने 17 वर्षीय साथी के साथ मिलकर धनवंतरि नगर और कटनी में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपित धनवंतरि नगर निवासी शिवांशु जैन (19) और मैहर निवासी अभय सिंह कोर्टे (21) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से मिली जानकारी पर उनके नाबालिग साथी को दबोचा गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित शिवांशु ने कटनी से चुराए गए सोने के कंगन को एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर एक लाख रुपये का लोन लिया और रकम खर्च कर दी। वहीं अभय सिंह ने अपने हिस्से के जेवर एक सराफा व्यापारी को बेचकर करीब 1.45 लाख रुपये प्राप्त किए। इनमें से 60 हजार रुपये डाउन पेमेंट के रूप में देकर ढाई लाख रुपये की मोटरसाइकिल फायनेंस करा ली, जबकि बाकी रकम खर्च कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद की चीजें
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर, चांदी की गणेश प्रतिमा, सिक्के, गिरवी रखे गए जेवरों की रसीदें और बाइक जब्त की है।
