नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुकादमगंज स्थित ग्रीन मार्ट में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई। सामान ऊपर-नीचे पहुंचाने के लिए लगी खुली लिफ्ट (चारों ओर वाल नहीं) में युवक का सिर फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी गई है। लिफ्ट को सील कर दिया गया है।
सामान ले जाने के लिए लिफ्ट लगाई गई है
ओमती थाना क्षेत्र स्थित इस तीन मंजिला प्रतिष्ठान में सामान ले जाने के लिए लिफ्ट लगाई गई है। दुकान में कार्यरत गोराबाजार के कजरवारा निवासी अंश रजक (22) रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लिफ्ट के माध्यम से सामान ऊपर भेज रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।
सिर दीवार और लिफ्ट के एंगल के बीच फंस गया
लिफ्ट पहली मंजिल के पास पहुंची तो अचानक उसका सिर दीवार और लिफ्ट के एंगल के बीच फंस गया। हादसा होते ही दुकान में अफरा-तफरी मच गई। अन्य कर्मचारियों ने तत्काल लिफ्ट रोकने और उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दो माह पूर्व ही दुकान में काम करना शुरू किया था
तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेज दिया। अंश ने दो माह पूर्व ही दुकान में काम करना शुरू किया था। मामले में सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
उद्योग भवन की लिफ्ट बंद
कंटगा स्थित उद्योग भवन पहुंचने वाले उद्यमियों को परेशान होना पड़ रहा है। क्योंकि उद्योग भवन की दोनों लिफ्ट कई दिनों से बंद है। उद्योग भवन रखरखाव समिति बनाई गई है परंतु समिति भी रखरखाव पर ध्यान नहीं दे रही है।
संचालित हैं शासकीय विभागों के अनेक कार्यालय
महाकोशल जनप्रतिनिधि विचार मंच ने उद्योग भवन व्याप्त अव्यवस्थाओं के आरोप लगाते हुए बताया कि इस बिल्डिंग में शासकीय विभागों के अनेक कार्यालय संचालित हैं, जिसमें प्रथम तल पर एमपी इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कापोरेशन , सैंड मेप का क्षेत्रिय प्रशिक्षण केंद्र, स्मार्ट सिटी जबलपुर का इन्क्यूबेशन सेंटर, रेवा रेडियो, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, फर्म एंड सोसायटी का संभागीय कार्यालय, वाष्पयंत्र निरिक्षक कार्यलय, संयुक्त संचालक परिक्षेत्रीय उद्योग कार्यालय भी है।
लिफ्ट के अभाव में हो रही हैं परेशानियां
लिफ्ट के अभाव में यहां आने जाने वाले उद्यमियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को परेशानियां हो रही हैं। विचार मंच के विजय कांडा, ठाडेवर महावर दीपक सिंह राजपूत आदि ने संभागायुक्त, कलेक्टर से शीघ्र उद्योग भवन की लिफ्ट चालू कराए जाने के साथ ही अन्य अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- शादी डाट काम पर आइडी बनाई, अविवाहित बता दोस्ती फिर दुष्कर्म, बेंगलुरु का युवक गिरफ्तार
