नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। राजधानी भोपाल में त्विषा शर्मा की दहेज हत्या के आरोप के मामले की भांति जबलपुर में विधि स्नातक कविता दक्षिणामूर्ति की भी दहेज हत्या के आरोप का मामला चर्चा में है। बुधवार को पीड़ित परिवार की ओर से सीबीआई जांच की मांग की गई। इस सिलसिले में अंतरिम आवेदन पेश किया।
हालांकि कोर्ट में जज के न बैठने से रिवीजन की सुनवाई टल गई। इससे पूर्व एफआइआर दर्ज किए जाने की मांग लेकर प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दीपा पाल की अदालत में दायर परिवाद पर राहत नहीं मिली थी।
आर्मी एरिया में कविता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
लिहाजा, कविता के पिता ने अपर सत्र न्यायालय में रिवीजन दायर कर दी थी, जिसकी सुनवाई तीन जून को नियत है। यह जानकारी अधिवक्ता मनीष वर्मा,विनोद सिसोदिया, डीसी सागर व निधि सोनकर ने दी। उन्होंने बताया कि जबलपुर के आर्मी एरिया में कविता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। जिसके बाद से कविता के पिता कोयमबेडू चेन्नई निवासी पी दक्षिणामूर्ति न्याय की मांग कर रहे हैं।
उनका सवाल है कि सदर स्थित जैक आरआरसी के ऑफिसर्स मैस में जिस स्थान पर कविता बाथरूम में गिरी थी, उस स्थान से मिलिट्री अस्पताल की दूरी महज पांच मिनट की थी, किंतु कविता को अस्पताल पहुंचाने में दो घंटे 39 मिनट लग गए। दूसरे दिन कविता की मौत हो गई।
इसके बावजूद गोराबाजार पुलिस ने एक साल बीत जाने के बाद भी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है। कविता के पिता ने इस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि कविता की शादी दो मार्च 2025 को आर्मी में पदस्थ जिला डिंडगुल तमिलनाडु निवासी मेजर डा. ओम नागार्जुन के साथ हुई थी।
शादी के समय उनके दामाद मणिपुर में पदस्थ थे। इसके बाद उनका तबादला जैक आरआरसी जबलपुर में हो गया। उनकी बेटी अपने पति के साथ नौ जून, 2025 को मदुरै से हैदराबाद होते हुए जबलपुर पहुंची। यहां पर उनकी बेटी और दामाद जैक आरआरसी के मेस में ठहरे थे।
इसी दौरान रात 9.30 बजे उनकी बेटी फेस वाश करने बाथरूम गई और कथित तौर पर वह बाथरूम में गिर गई। इसके बाद दामाद डा. ओम नागार्जुन उनकी बेटी को रात 10 बजे मेजर महेश की कार में लेकर मिलिट्री अस्पताल रवाना हुए। जैक आरआरसी के ऑफिसर्स मेस से मिलिट्री अस्पताल का रास्ता महज पांच मिनट की दूरी का था, लेकिन उनकी बेटी को रात 12.39 बजे यानी 2 घंटे 39 मिनट बाद अस्पताल पहुंचाया गया। 10 जून को रात 8.10 बजे कविता की मृत्यु हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर जताया संदेह
कविता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियक डिसीज बताया गया है, जबकि 25 अप्रैल, 2025 को चेन्नई के राजीव गांधी शासकीय अस्पताल में कविता की जांच कराई गई थी। जिसमें कविता को मामूली शुगर बताई गई थी। रिपोर्ट में हार्ट से संबंधित किसी भी प्रकार की प्रॉब्लम नहीं बताई गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि कविता के सिर के सामने हिस्से में ढाई सेंटीमीटर बाय तीन सेंटीमीटर की चोट थी, सिर के पिछले हिस्से में पांच सेंटीमीटर बाय तीन सेंटीमीटर का खून का थक्का जमा हुआ था। इसके बाद भी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की।
यह भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: पूर्व जज गिरिबाला सिंह का न्यायिक ट्रैक रिकॉर्ड चर्चा में, भोपाल में 39 दोषियों को दिलाई सजा
दहेज में दिया था 100 तोला सोना, अस्पताल खोलने मांग रहे थे दो करोड़
कविता के पिता ने बताया कि दहेज में उन्होंने 100 तोला सोना, 20 लाख का हीरो का हार, 30 लाख की एक्सयूवी कार दी थी। इसके बाद भी डा. ओम नागार्जुन, उसके पिता ओम गनपति और मां ओम प्रेमलता द्वारा अस्पताल खोलने के लिए दो करोड़ की मांग की जा रही थी।
इसी के चलते कविता की हत्या का षड्यंत्र रचा गया। पांच करोड़ की मांग के कारण टूटी थी पहली सगाई कविता के पिता ने बताया कि मेजर डा. ओम नागार्जुन की वर्ष 2024 में चेन्नई निवासी एक युवती से सगाई हुई थी। उन्होंने उनसे भी पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। इसके कारण सगाई टूट गई थी।
