ग्रामीणों का कहना है कि खंदारी जलाशय के आसपास अक्सर ग्रामीणों की आवाजाही रहती है। जलाशय के आसपास लोग विभिन्न कामों से पहुंचते हैं, जबकि कुछ ग्रामीण पा…और पढ़ें

HighLights
- ग्रामीणों ने की तत्काल सूचना देकर रेस्क्यू करने की मांग
- वन विभाग की टीम बोली -भोपाल में ले रहे हैं प्रशिक्षण
- जलाशय के आसपास लोगों को भी सतर्क रहना चाहिए
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। खंदारी जलाशय के किनारे सोमवार दोपहर करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ धूप सेंकता हुआ दिखाई दिया। जलाशय के पास पहुंचे ग्रामीणों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी, उनमें दहशत फैल गई।
सदस्यों के भोपाल में प्रशिक्षण में होने की बात कही
ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना देकर रेस्क्यू की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार वन विभाग की ओर से टीम के सदस्यों के भोपाल में प्रशिक्षण में होने की बात कही गई और बाद में रेस्क्यू करने की जानकारी दी गई।
ग्रामीण छोटेलाल बोले-जलाशय के किनारे मगरमच्छ दिखाई दिया
ग्रामीण छोटेलाल ने बताया कि वह सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे खंदारी जलाशय के पास पहुंचे थे। इसी दौरान जलाशय के किनारे मगरमच्छ दिखाई दिया। करीब चार फीट लंबे मगरमच्छ को काफी देर तक किनारे पर धूप सेंकते देखा गया। इसकी जानकारी आसपास के अन्य ग्रामीणों को दी गई तो लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन मगरमच्छ के पास जाने की किसी ने हिम्मत नहीं की।
जलाशय के आसपास आवाजाही से बढ़ी चिंता
ऐसे में जलाशय के किनारे मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि मगरमच्छ जलाशय से बाहर निकलकर आसपास के क्षेत्र में भी पहुंच सकता है।
वन विभाग से तत्काल रेस्क्यू की मांग
मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को फोन कर इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें बताया गया कि वन विभाग की टीम के कुछ सदस्य भोपाल में प्रशिक्षण में गए हुए हैं। इसके चलते तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं है और बाद में टीम भेजकर मगरमच्छ को पकड़ने की बात कही गई।
जलाशय के आसपास सतर्क किया जाना चाहिए
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द टीम भेजकर मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ की मौजूदगी को लेकर जलाशय के आसपास लोगों को भी सतर्क किया जाना चाहिए।
