म्याना थाना क्षेत्र में पुलिस ने डोडाचूरा की बड़ी खेप पकड़ी है, जो राजस्थान से मध्य प्रदेश लाई जा रही थी। …और पढ़ें

HighLights
- राजस्थान से लाई जा रही 106.460 किलो डोडाचूरा की खेप जब्त
- 55 लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ और वाहन जब्त
- पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य नाम आए सामने
नवदुनिया प्रतिनिधि, गुना। म्याना थाना क्षेत्र में पुलिस ने डोडाचूरा की बड़ी खेप पकड़ी है, जो राजस्थान से मध्य प्रदेश लाई जा रही थी। म्याना थाना पुलिस ने एक तस्कर को चारपहिया वाहन के साथ गिरफ्तार कर 55 लाख रुपये कीमत का 106.460 किग्रा डोडाचूरा जब्त किया है। पूछताछ में तस्कर ने अन्य नाम भी बताए हैं। इस पर पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार म्याना थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फतेहगढ़-बमोरी क्षेत्र की ओर से एक व्यक्ति चारपहिया वाहन में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा भरकर पाटई हाईवे की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम मौके पर रवाना हुई। साथ ही नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार किया गया।
कुछ ही समय बाद संदिग्ध वाहन आने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालक वाहन को गोपालपुरा के जंगल की ओर मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन और चालक को पकड़ लिया।
डोडाचूरा का कुल वजन 106.460 किलोग्राम
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम देव सिंह पुत्र मोहनलाल बंजारा (32) निवासी ग्राम मदनाखेड़ी, थाना बापचा, जिला बारां (राजस्थान) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सात प्लास्टिक बोरे मिले। बोरों को खोलकर देखने पर उनमें डोडाचूरा भरा हुआ मिला। जब्त डोडाचूरा का कुल वजन 106.460 किलोग्राम पाया गया।
अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर डोडाचूरा और वाहन जब्त कर लिया है। पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में म्याना थाना प्रभारी बृजमोहन सिंह भदौरिया और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
