तेज धूप और उमस में स्कूटी से जा रही शिक्षिका बेसुध होकर गिर पड़ी। राहगीरों ने दिल का दौरा समझकर उसे इतनी तेज सीपीआर दिया कि पसलियों की दो हड्डियां चटक…और पढ़ें

HighLights
- तिलोंजरी स्कूल की शिक्षिका ललिता धाकड़ को नहीं आया था दिल का दौरा
- भुरावली चौराहा के पास स्कूटी से गिरी महिला की युवकों ने ऐसे दबाई छाती
- मुरैना के BMO डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कब और कैसे करें इसका इस्तेमाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। तेज धूप और उमस में स्कूटी से जा रही शिक्षिका बेसुध होकर गिर पड़ी। राहगीरों ने दिल का दौरा समझकर उसे इतनी तेज सीपीआर दिया कि पसलियों की दो हड्डियां चटक गईं। दर्द से तड़फड़ाती शिक्षिका को ग्वालियर रेफर किया गया है। डॉक्टर ने चेकअप के बाद बताया कि उसे दिल का दौरा नहीं पड़ा।
भुरावली चौराहा के पास चक्कर आने से गिरीं टीचर
यह घटनाक्रम सोमवार दोपहर कैलारस क्षेत्र का है, जहां तिलोंजरी हायर सेकंडरी स्कूल में पदस्थ 41 वर्षीय शिक्षिका ललिता धाकड़ रोज की तरह स्कूटी से स्कूल जाने को निकली थीं। सुबह साढ़े नौ बजे भुरावली चौराहा के पास अचानक उन्हें चक्कर आया और वह गिर पड़ी।
इसी बीच चार पहिया वाहन से जा रहे दो युवक सूरज धाकड़ और पवन गुर्जर ने हार्ट अटैक आने की आशंका पर पहले ललिता धाकड़ को सीपीआर दिया, होश आने पर खुद की गाड़ी से शिक्षिका को कैलारस अस्पताल पहुंचाया। वे रास्ते में भी सीपीआर देते रहे। बीएमओ डॉक्टर मनीष शर्मा ने बताया कि ललिता धाकड़ को दिल का दौरा नहीं पड़ा। एक्स-रे में दो पसलियां टूटी मिली हैं।
जानिए… कैसे पता करें दिल का दौरा है
कार्डियक अरेस्ट (अचानक दिल का दौरा) आने पर पीड़ित व्यक्ति अचानक गिर पड़ता है और होश खो देता है। शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं होती और उसकी सामान्य सांसें रुक जाती हैं।
कैसे दें सही तरीके से सीपीआर (CPR)
ऐसे में सीपीआर देना जरूरी है। इसके लिए पीड़ित की छाती के बीच में एक हाथ की हथेली रखें और दूसरे हाथ की अंगुलियों को पहले हाथ में फंसा लें। अपनी कोहनी को सीधा रखें और पीड़ित की छाती को लगभग दो इंच (पांच सेंटीमीटर) गहराई तक तेजी से दबाएं। एक मिनट में 100 से 120 बार छाती इसी तरह दबानी है, यानी लगभग एक सेकंड में दो बार की रफ्तार से।
छाती दबाने के बाद पीड़ित का सिर थोड़ा पीछे करें और ठुड्डी को ऊपर उठाएं। उनकी नाक बंद करें और अपने मुंह से उनके मुंह पर लगभग एक सेकंड के लिए हवा फूंकें ताकि छाती ऊपर उठती दिखे।
