मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन में छह नए चेहरों को सदस्यता दी गई, इनमें काले हिरण शिकार मामले में आरोपी रहे पूर्व क्रिकेटर रमीज खान भी शामिल है।

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश के क्रिकेटरों के साथ ही राजपरिवार और उद्योगजगत के संभ्रांत वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाले मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) में छह नए चेहरों को सदस्यता दी गई है। इनमें काले हिरण के शिकार मामले में आरोपित रहे रमीज खान का भी नाम शामिल हैं। प्रदेश संगठन के कोषाध्यक्ष संजीव दुआ को भी संगठन की सदस्यता दी गई है। एमपीसीए की प्रबंधकारिणी समिति ने बुधवार को हुई बैठक में छह नए सदस्य बनाने पर सहमति दी।
जिन नए चेहरों को सदस्यता दी गई है उनमें पूर्व क्रिकेटर रमीज खान, संजीव दुआ, ज्योति सराफ जैन, संजय सांखला, अतुल भार्गव और इंद्रोजीराव कदम के नाम शामिल हैं। रमीज खान मध्य प्रदेश रणजी टीम का लंबे समय तक प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। करीब 11 साल पहले उन्हें सागर में वन विभाग ने काले हिरण के शिकार मामले में गिरफ्तार किया था। आरोप था कि शिकार के बाद हिरण को बोरे में भरकर बाइक से ले जा रहे थे।
बीसीसीआई पैनल में अंपायर
यह उसी प्रजाति का काला हिरण बताया गया था, जिसके शिकार के मामले में सलमान खान भी विवादों में रहे हैं। सागर संभाग का प्रतिनिधित्व करने वाले रमीज के परिवार का राजनीति में अच्छा प्रभाव है। क्रिकेट से संन्यास के बाद रमीज ने अंपायरिंग में करियर आगे बढ़ाया। वर्तमान में वे बीसीसीआई पैनल अंपायर हैं। इंदौर के संजीव दुआ को भी सदस्य बनाया गया है। वे बीसीसीआई पैनल अंपायर रहे हैं।
एमपीसीए के चुनाव में कोषाध्यक्ष पद के लिए उन्होंने एक क्लब के प्रतिनिधि के रूप में नामांकन भरा था। प्रदेश संगठन के कोषाध्यक्ष का ही सदस्य नहीं होना चर्चा का विषय था। शिवपुरी जिला संगठन के अध्यक्ष और ग्वालियर संभागीय संगठन के उपाध्यक्ष संजय सांखला को भी सदस्यता मिली है। वहीं भोपाल के अतुल भार्गव और ग्वालियर के इंद्रोजीराव कदम भी सदस्य बनाए गए हैं।
महिला क्रिकेटर श्रेणी में इंदौर की ज्योति जैन को सदस्य बनाया गया है। वे मप्र और इंदौर विश्वविद्यालय की कप्तान रही हैं। मप्र क्रिकेट संगठन के सचिव सुधीर असनानी ने कहा- सभी सदस्यों का चयन उनके योगदान को देखकर किया गया है। रमीज खान के मामले में उन्होंने कहा कि वे पूर्व क्रिकेटर और बीसीसीआई पैनल अंपायर हैं। काला हिरण शिकार मामला अब समाप्त हो चुका है।
