जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम सिहौदा में रमेश भुमिया के घर में चार दिनों तक कोबरा नागिन ने दहशत फैलाई।
_m.webp)
HighLights
- सिहौदा गांव में घर में घुसी चार फीट कोबरा नागिन
- चार दिनों तक परिवार में बनी रही दहशत
- कोबरा में पाया जाता है जानलेवा न्यूरोटाक्सिन जहर
नईदुनिया प्रतिनिधि जबलपुर: अगर आपके घर में अचानक चार फीट लंबी कोबरा नागिन दिखाई दे जाए तो डर के मारे आपकी भी सिट्टी-पिट्टी गुल हो जाएगी। कुछ ऐसा ही हुआ जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम सिहौदा में रहने वाले रमेश भुमिया के परिवार के साथ। उनके घर में घुसी कोबरा नागिन चार दिनों तक दहशत का कारण बनी रही।
कभी किचन तो कभी टीवी के ऊपर बैठी नागिन
नागिन कभी किचन में तो कभी टीवी सैट के ऊपर और कभी स्नान कक्ष में फन फैलाए बैठी नजर आती थी। उसे देखकर पूरा परिवार डर के माहौल में रहा। रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जब नागिन गेंहू के बोरों के बीच बैठी थी, तभी रमेश भुमिया ने सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गजेन्द्र दुबे ने रेस्क्यू कर नागिन को पकड़ लिया और सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
बेहद खतरनाक होती है कोबरा प्रजाति
गजेन्द्र दुबे के अनुसार पकड़ी गई नागिन कोबरा प्रजाति की थी, जो बेहद खतरनाक और आक्रामक होती है। इसमें जानलेवा न्यूरोटाक्सिन जहर पाया जाता है। सर्पदंश के बाद तीन घंटे के भीतर मेडिकल उपचार नहीं मिलने पर पीड़ित की जान संकट में आ सकती है। नागिन के पकड़े जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
