मुरैना के सबलगढ़ में जिलाबदर आदतन अपराधी कुक्कू जादौन के छह अगस्त को जन्मदिन मनाने का मामला सामने आया है।

HighLights
- कुक्कू जादौन को एक साल के लिए जिलाबदर किया
- छह अगस्त को सबलगढ़ स्थित घर पर जन्मदिन मनाया
- पार्टी में पुलिसकर्मियों के पहुंचने का आरोप सामने आया
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। अपराधों पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था के लिए खतरा मानते हुए जिस आदतन अपराधी को कलेक्टर ने एक साल के लिए जिलाबदर किया, वह सबलगढ़ में अपने घर पर ही रहकर जन्मदिन मनाता रहा। आरोप है कि छह अगस्त को आयोजित जन्मदिन की पार्टी में कुछ पुलिसकर्मी भी पहुंचे। पार्टी के फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
चार जिलों की सीमा से किया गया था बाहर
सबलगढ़ के आदतन अपराधी कुक्कू जादौन को एसपी की अनुशंसा पर कलेक्टर ने जिलाबदर किया था। आदेश के तहत उसे मुरैना के साथ पड़ोसी जिले ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी और भिंड की सीमा से एक साल के लिए बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद वह सबलगढ़ स्थित अपने घर में छह अगस्त को जन्मदिन मनाता नजर आया।
पार्टी में पुलिसकर्मियों के पहुंचने का आरोप
जन्मदिन समारोह में कई लोग शामिल हुए। इनमें कुछ पुलिसकर्मियों के भी पहुंचने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों में आरक्षक अनिल जयंत जिलाबदर कुक्कू जादौन के गले मिलते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि शराब कारोबार से जुड़े जिलाबदर की पार्टी में महंगी शराब भी परोसी गई।
आरक्षक अनिल जयंत लंबे समय से सबलगढ़ थाने में पदस्थ हैं। बताया गया है कि उनका तीन बार तबादला हो चुका है, लेकिन कुछ समय बाद वह फिर सबलगढ़ थाने में लौट आए।
पहले भी सामने आया था पुलिस-बदमाश कनेक्शन
मुरैना जिले में पुलिसकर्मियों और बदमाशों के बीच नजदीकी का यह पहला मामला नहीं है। करीब पांच महीने पहले जौरा के तत्कालीन टीआई दर्शन शुक्ला की जन्मदिन पार्टी में एक बाइक चोर भी पहुंच गया था। आरोप था कि बाइक चोर ने टीआइ शुक्ला को अपने कंधे पर बैठाया था।
इस मामले में टीआई दर्शन शुक्ला को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई थी। अब सबलगढ़ में जिलाबदर अपराधी की पार्टी में पुलिसकर्मी की मौजूदगी का मामला सामने आने के बाद फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिलाबदर कुक्कू जादौन के सबलगढ़ घर पर होने की सूचना मिली, मैंने दबिश दी तो वह नहीं मिला। दिन में आया होगा और फिर भाग गया। जो फोटो प्रसारित हो रहा है, उसे पुराना बताया जा रहा है, पिछले साल का। यह मामला एसपी साहब के संज्ञान में भी है।
-पंकज मुदगलटीआइ, सबलगढ़।
