भारतीय रेलवे ने आनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है।

HighLights
- रेलवे ने लाइव किया वेबसाइट का हाईटेक वर्जन
- अब तत्काल टिकट बुकिंग होगी और भी आसान
- सुपरफास्ट चेकआउट से बचेगा यात्रियों का समय
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय रेलवे ने आनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आइआरसीटीसी) ने अपनी नई आधिकारिक वेबसाइट का बीटा वर्जन आम जनता के लिए लाइव कर दिया है।
हजारों रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी
इस नई पहल से ग्वालियर, डबरा, भितरवार सहित पूरे अंचल के उन हजारों रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो रोजाना दिल्ली, मुंबई, भोपाल या अन्य शहरों के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं। वर्तमान में ग्वालियर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक रहता है। ऐसे में यह नया और उन्नत वर्जन यात्रियों के समय की बचत करेगा।
साइट पर जाकर देख सकते हैं लिंक
यात्री अब नई वेबसाइट के बीटा वर्जन को आधिकारिक लिंक https://www.irctc.co.in/eticket/ पर जाकर देख सकते हैं। इसके अलावा, वर्तमान में चल रही पुरानी वेबसाइट के होम पेज पर भी इस नए बीटा वर्जन का सीधा लिंक दे दिया गया है। गौरतलब है कि आईआरसीटीसी की मौजूदा वेबसाइट की शुरुआत साल 2002 में हुई थी। बीते 24 वर्षों में इस पर निर्भरता इतनी बढ़ चुकी है कि वर्तमान में इस पोर्टल के जरिए प्रतिदिन औसतन करीब 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग की जाती है।
नई वेबसाइट में क्या होगा खास
रेल यात्रियों को अक्सर तत्काल टिकट बुकिंग या सामान्य बुकिंग के दौरान वेबसाइट के धीमे होने या एरर आने की समस्या से जूझना पड़ता था। नई वेबसाइट को अत्यधिक आसान, तेज और पूरी तरह यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है, जिसमें ये चार प्रमुख सुधार किए गए हैं:
- क्लीन और बेहतर इंटरफेस: टिकट बुक करते समय अब ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स, गैर-जरूरी कैप्चा, बार-बार आने वाले पाप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स को पूरी तरह हटा दिया गया है, जिससे स्क्रीन साफ-सुथरी दिखेगी।
- एक ही स्क्रीन पर सभी श्रेणियों की सीट उपलब्धता: अब यात्रियों को अलग-अलग क्लास (जैसे 1एसी, 2एसी, 3एसी या स्लीपर) की सीटें देखने के लिए बार-बार क्लिक नहीं करना पड़ेगा। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर एक साथ दिखाई देगी।
- तेज और आसान चेकआउट: टिकट बुक करने की पूरी प्रक्रिया में स्टेप्स की संख्या को काफी कम कर दिया गया है। इससे पेमेंट और फाइनल टिकट जनरेशन पहले से कहीं अधिक तेजी से होगा।
- दोबारा बुकिंग में नहीं होगी झंझट: नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों की प्रोफाइल और सेव की गई जानकारी (पैसेंजर डिटेल्स) पहले से मौजूद रहेगी, जिससे हर बार नाम, उम्र या आईडी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
