जोबट नगर के गणेश मंदिर क्षेत्र में बुधवार रात सेवानिवृत्त शिक्षक तुकाराम ढोले के सूने मकान में चार चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की थी।

HighLights
- दो अन्य आरोपी भी घायल, जोबट अस्पताल में उपचार जारी
- एक आरोपी मौके से फरार, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
- लोगों ने घेरा तो भागने लगे आरोपित, गिरने से पानसिंह की मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, अलीराजपुर। जोबट नगर के गणेश मंदिर क्षेत्र में बुधवार रात सेवानिवृत्त शिक्षक तुकाराम ढोले के सूने मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने घर के कमरों और अलमारियों को खंगालते हुए ताले तोड़े और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसी दौरान आसपास के लोगों को इसकी भनक लग गई। लोगों ने मकान को घेरकर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।
खुद को घिरता देख चारों आरोपी भागने लगे। इसी दौरान ग्राम ढेलवानी (थाना बाग) निवासी पानसिंह अजनार (40) गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोबट ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। भागने के दौरान दो अन्य आरोपी भी घायल हुए, जिनका जोबट अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
मकान से नकदी और जेवर चोरी
फरियादी तुकाराम ढोले ने बताया कि वे परिवार के साथ इंदौर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपियों ने सूने मकान को निशाना बनाया। उन्होंने घर में रखी अलमारियों के ताले तोड़ दिए। एक सूटकेस में रखे कपड़ों के साथ करीब 30 हजार रुपये चोरी किए गए। इसके अलावा अलमारी में रखे सोने के कंगन, दो सोने की चेन, चार जोड़ चांदी की पायल और 10 से 12 चांदी के सिक्के भी चोरी होने की जानकारी दी गई है। मामले में जोबट थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पानसिंह अजनार की उपचार के दौरान मौत की सूचना मिलने पर उसके परिजन जोबट अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दो का उपचार जारी, एक की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दो घायल आरोपियों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस चोरी में शामिल चारों आरोपियों की भूमिका, चोरी गए सामान और भागने के दौरान हुई घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
