सिर और गर्दन पर गंभीर वार होने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपित मौके से फरार हो गए। गंभीर चोटों के क …और पढ़ें

HighLights
- बड़े भाई होने के नाते पतिराम उन्हें शांत कराने और समझाने के लिए आगे बढ़े।
- लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी।
- आरोपितों ने उन पर कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सतना। मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के किरहाई गांव में अंधविश्वास ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी दी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जादू-टोने व अंधविश्वास के संदेह में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की निर्मम हत्या कर दी। परिवार के सामने हुई इस खौफनाक वारदात ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया और गांव में मातम का माहौल छा गया।
इस संबंध में अमरपाटन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किरहाई निवासी पतिराम कोल (50) रविवार रात अपने स्वजनों के साथ घर पर मौजूद थे। रात करीब 12 बजे घर के बाहर अचानक शोर-शराबा होने लगा।
आवाज सुनकर पतिराम बाहर निकला। उनके पीछे परिवार के अन्य सदस्य भी आ गए। बाहर उन्होंने देखा कि उनका छोटा भाई सीताराम कोल कुछ लोगों के साथ हंगामा कर रहा है।
बड़े भाई होने के नाते पतिराम उन्हें शांत कराने और समझाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी। जैसे ही पतिराम ने शोर-शराबा बंद करने की बात कही, आरोपितों ने उन पर कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सिर और गर्दन पर गंभीर वार होने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपित मौके से फरार हो गए। गंभीर चोटों के कारण पतिराम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
अपने पिता और परिवार के मुखिया को आंखों के सामने तड़पते देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद आरोपित जल्दबाजी में एक बाइक मौके पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर जांच शुरू की।
अंधविश्वास बना हत्या की वजह
- अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पतिराम तीन भाइयों में सबसे बड़े थे।
- उनके छोटे भाई सीताराम की बेटी की शादी हिनौता गांव निवासी रोहित कोल से तय हुई थी।
- रिश्ता तय होने के बाद युवती अक्सर बीमार रहने लगी।
- इसी बात को लेकर सीताराम को संदेह हो गया कि उसके बड़े भाई ने जादू-टोना किया है।
- पुलिस के मुताबिक, इसी शक के चलते सीताराम ने अपने होने वाले दामाद रोहित और अन्य परिचितों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
- जांच में यह भी सामने आया है कि रविवार रात सीताराम ने अपने होने वाले दामाद रोहित और अन्य लोगों को बुलाया था।
- सभी ने मिलकर पतिराम के घर के सामने शोर-शराबा किया और बाहर आने पर उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
- पुलिस ने इस मामले में सात आरोपितों की पहचान कर ली है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
