रेलवे प्रशासन ने कटनी और सतना के बीच आने वाले सभी स्टेशनों पर इस ट्रेन के ठहराव की व्यवस्था की है, ताकि स्थानीय यात्रियों और परीक्षार्थियों को किसी प् …और पढ़ें

HighLights
- 21 जून को नीट पुनर्परीक्षा के लिए एक का मार्ग विस्तार
- भुसावल-कटनी एक्सप्रेस सतना तक जाएगी-आएगी
- तीन केंद्र शहर से अपेक्षाकृत अधिक दूरी पर स्थित
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों और यात्रियों की सुविधा के लिए दो ट्रेन के समय में बदलाव और एक ट्रेन का मार्ग विस्तार का निर्णय लिया है।
अधारताल-रानी कमलापति इंटरसिटी सुपरफास्ट शाम छह बजे प्रस्थान करेगी
गाड़ी संख्या 22188 अधारताल-रानी कमलापति इंटरसिटी सुपरफास्ट रविवार को अपने निर्धारित समय शाम 4:15 बजे के बजाय शाम छह बजे प्रस्थान करेगी। अधारताल से यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा 45 मिनट विलंब से चलेगी।
मुख्य स्टेशन से एक घंटा 25 मिनट देरी से संचालित होगी
गाड़ी संख्या 22189 जबलपुर-रीवा इंटरसिटी एक्सप्रेस का प्रस्थान समय भी बदला गया है। यह ट्रेन शाम 5:05 बजे के स्थान पर शाम 6:30 बजे रवाना होगी, जिससे यह मुख्य स्टेशन से एक घंटा 25 मिनट देरी से संचालित होगी।
भुसावल से रवाना होकर सतना स्टेशन तक जाएगी
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 19013 भुसावल-कटनी एक्सप्रेस के मार्ग का विस्तार किया गया है। यह ट्रेन 20 जून को भुसावल से रवाना होकर अपने निर्धारित गंतव्य कटनी के बजाय 21 जून को सतना स्टेशन तक जाएगी।
यात्रियों और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो
गाड़ी संख्या 19014 कटनी-भुसावल एक्सप्रेस अब 21 जून को कटनी के बजाय सतना स्टेशन से शाम सात बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन रात 12:30 बजे कटनी पहुंचने के बाद अपने निर्धारित मार्ग से भुसावल के लिए रवाना होगी। रेलवे प्रशासन ने कटनी और सतना के बीच आने वाले सभी स्टेशनों पर इस ट्रेन के ठहराव की व्यवस्था की है, ताकि स्थानीय यात्रियों और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
री-नीट परीक्षा के लिए बस सेवा, दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना होगा आसान
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा री-नीट परीक्षा 21 जून रविवार को दोपहर दो से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारू संचालन और परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने शहर से दूर स्थित तीन परीक्षा केंद्रों तक विशेष बस परिवहन व्यवस्था की है।
तीन केंद्र शहर से अपेक्षाकृत अधिक दूरी पर स्थित
- कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से तीन केंद्र शहर से अपेक्षाकृत अधिक दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए पेमेंट बेसिस पर दो-दो बसों का संचालन किया जाएगा।
- समाधि रोड, बरबटी स्थित एकलव्य माडल आवासीय विद्यालय के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 से एक बस सुबह 10:30 बजे और दूसरी बस सुबह 11:30 बजे रवाना होगी।
- मंगेली स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय (होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के पास) के लिए मेडिकल कालेज तिराहा से एक बस सुबह 10:30 बजे तथा दूसरी बस सुबह 11:30 बजे प्रस्थान करेगी।
- डुमना एयरपोर्ट रोड स्थित राज्य होटल प्रबंधन संस्थान परीक्षा केंद्र के लिए भी रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-1 से सुबह 10:30 बजे और 11:30 बजे दो बसें संचालित की जाएंगी।
- जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से निर्धारित समय से पहले बस स्टाप पर पहुंचने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पॉलिटेक्निक परीक्षा में बड़ी चूक, फिजिक्स के बजाय मिला केमिस्ट्री का पेपर
