सतना। खरीफ सिंचाई वर्ष 2026 की तैयारियों के बीच बाणसागर परियोजना से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। बाणसागर पक्का बांध संभाग क्रमांक-3 देवलोंद द्वारा जारी आदेश के अनुसार 2 जून 2026 की सुबह 6 बजे से बाणसागर जलाशय से सोन नदी में पानी छोड़ा जाएगा।
यह जल प्रवाह पावर हाउस क्रमांक-3 के माध्यम से किया जाएगा, जिससे सोन नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
परियोजना अधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन लगभग 2017 क्यूसेक यानी करीब 4000 एकड़ फीट पानी नदी में प्रवाहित किया जाएगा।
जल छोड़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर आ गया है। खासतौर पर सोन नदी के निचले क्षेत्र में बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मैहर जिला के रामनगर ब्लॉक के केथहा, सरिया, हरियरी, डड़िया, कुआं, राझुआ और पेपखरा गांवों के ग्रामीणों को विशेष चेतावनी जारी की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचें। बच्चों को नदी के पास न जाने दें और पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर रखें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
